UP News: आदि शर्मा बनकर यूपी में रह रहा था चीनी नागरिक, बनवा रखा था फर्जी आधार कार्ड, UPSTF ने दबोचा
Greater Noida: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के ग्रेटर नोएडा से बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां एक चीनी नागरिक को UPSTF ने दबोचा है. जानकारी सामने आ रही है कि, वह आदि शर्मा बनकर ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर इलाके में रह रहा था. उसके पास से एसटीएफ ने फर्जी आधार और पैन कार्ड बरामद किए हैं.
खबर सामने आ रही है कि वह फर्जी पासपोर्ट बनवाने की फिराक में कई लोगों से सम्पर्क कर रहा था, लेकिन इससे पहले ही एसटीएफ ने उसे गिरफ्तार कर लिया. यह सूचना एसटीएफ को फर्जी आधार कार्ड बनवाने वाले गैंग से मिली थी. इसी के बाद उसकी निशानदेही पर एसटीएफ ने छापामारी कर उसे गिरफ्तार कल लिया. बता दें कि पिछले महीने यूपी एसटीएफ ने सूरजपुर से ही फर्जी दस्तावेजों को तैयार कर आधार और पैन कार्ड के साथ ही फर्जी पासपोर्ट बनवाने वाले गैंग का भंडाफोड़ किया था. जब उनके ठिकानों की तलाशी ली गई तो कई चीनी नागरिकों के फर्जी नाम पते पर बने भारतीय पहचान पत्र बरामद हुए थे.
मीडिया सूत्रों के मुताबिक ग्रेटर नोएडा में वीजा अवधि समाप्त होने के बाद अवैध रूप से रहने वाले दो और चीनी नागरिकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है. पुलिस ने मीडिया को जानकारी दी कि, दोनों की पहचान देंग चोंकोन और मेंग शोउगो के रूप में हुई है. उन्होंने बताया कि दोनों की उम्र करीब 30 साल है और ये लोग ग्रेटर नोएडा के ओमेगा-1 सेक्टर की ग्रीनवुड्स सोसाइटी में रह रहे थे.
पुलिस ने मीडिया को जानकारी दी कि, दोनों यहां मोबाइल फोन बनाने वाली चीनी कंपनी ओप्पो में काम करते थे. पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि प्राप्त सूचनाओं के आधार पर बीटा-2 थाने की पुलिस ने बुधवार को चीनी नागरिकों के पासपोर्ट एवं वीजा का सत्यापन किया. पुलिस को इस दौरान पता चला कि उनकी वीजा अवधि समाप्त हो चुकी है.
वापस भेजे जाएंगे चीन
पुलिस ने आगे बताया कि, दोनों विदेशी नागरिकों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है. पुलिस ने ये भी बताया कि दोनों को चीन वापस भेजने की प्रक्रिया के लिए दिल्ली के आर.के. पुरम स्थित हाजत में भेजा गया है. तो वहीं स्थानीय पुलिस के एक अधिकारी ने मीडिया को जानकारी दी कि, दोनों चीनी नागरिक बिजनेस-वीजा पर छह महीने के लिए भारत आए थे और ग्रेटर नोएडा में ओप्पो के कारखाने में काम करते थे. उनकी वीजा अवधि 22 अप्रैल को ही समाप्त हो चुकी है.