Kanpur News: 18 माह से मानदेय न मिलने पर DIOS कार्यालय पर जुटे व्यावसायिक शिक्षक, विरोध प्रदर्शन शुरू
Kanpur News: बिल्हौर इंटर कॉलेज बिल्हौर के व्यावसायिक शिक्षक चित्रांशी सिंह एवम शैलेंद्र कुमार ने 18 माह से मानदेय न मिलने के कारण जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के समक्ष धरना प्रारंभ कर दिया। दोनों व्यवसायिक शिक्षकों ने बताया कि उन्होंने लिखित रूप से एवम मौखिक रूप से कई बार मानदेय भुगतान कराए जाने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक से गुहार लगाई परन्तु कोई परिणाम न निकलता देख आज से कार्यालय के समक्ष धरना प्रारम्भ कर दिया।
धरने की सूचना मिलते ही भाजपा के क्षेत्रीय सह संयोजक कानपुर बुंदेलखंड अपने प्रतिनिधि मंडल के साथ धरना स्थल पर पहुंचे, वहां पर दोनों व्यावसायिक शिक्षकों ने अपना दर्द बयान किया। पिछले 18 माह से मानदेय न भुगतान की बात सुनकर शिक्षक नेताओं ने मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षक से बात करके भुगतान कराने के लिये आश्वस्त किया। उधर व्यावसायिक शिक्षकों ने कहा कि भुगतान न होने की स्थिति में दोनों शिक्षक मंगलवार से अनिश्चित कालीन उपवास प्रारंभ कर देंगे। शिक्षक नेताओं ने और प्रशासन ने जिला विद्यालय निरीक्षक से संपर्क करने का प्रयास किया परंतु जिला विद्यालय निरीक्षक जी अपने कार्यालय में उपस्थित नही थे परंतु उन्होंने फ़ोन पर आश्वस्त किया कि कल तक भुगतान करा दिया जाएगा और साथ ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही का भी आश्वस्त किया।
जिलामहामंत्री राहुल कुमार मिश्रा ने जिला विद्यालय निरीक्षक को चेतावनी दी कि अगर मंगलवार तक व्यावसायिक शिक्षकों का भुगतान न हुआ तो जिला विद्यालय निरीक्षक साहब बड़े आंदोलन के लिए तैयार रहे जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी जिला विद्यालय निरीक्षक साहब की होगी। धरने में प्रमुख रूप से प्रदेश मंत्री उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के ब्रजभूषण मिश्र, जिलाध्यक्ष अवधेश कटियार, जिलामहामंत्री राहुल मिश्रा, विवेक शर्मा, शेखर चौधरी, चंद्रदीप यादव, संजय तिवारी समेत कई शिक्षक नेता मौजूद रहे।