Lucknow News: भारत की आत्मा है हिंदी…छात्राओं ने समझाया हिंदी भाषा का महत्व
Hindi Diwas: बालिका विद्यालय इंटरमीडिएट कॉलेज मोती नगर लखनऊ में हिंदी दिवस की पूर्व संध्या पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. 13 सितम्बर को आयोजित कार्यक्रम में प्रधानाचार्या डा. लीना मिश्रा ने कहा कि हिंदी हमारी पहचान है क्योंकि हमारी मातृभाषा हिंदी है। इसलिए हम हिंदी में सोचते और समझते हैं। पहली प्रतिक्रिया भी हमारी हिंदी में होती है। हम सपने भी हिंदी में देखते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि अर्थात हम सबसे अधिक यदि किसी भाषा से सहज होते हैं तो वह है हिंदी। इसी भाषा में हम रोजमर्रा के काम और अपने मनोभावों को व्यक्त करते हैं। बाजार भी हिंदी भाषा में ही चलता है। इसलिए हमें नि:संकोच और बिना किसी हीन भावना के हिंदी में लिखना, पढ़ना, सपने बुनना और अपनी संस्कृति के गूढ़ तत्वों को हिंदी भाषा में प्रलेखित करना चाहिए। हमें अपने छात्रों और संतानों को भी हिंदी से जोड़े रखने का प्रयास करना चाहिए। तभी हिंदी भाषा के साथ हमारी संस्कृति भी सुरक्षित और संरक्षित हो पाएगी।

हिंदी केवल एक भाषा नहीं बल्कि यह भारतवर्ष की आत्मा है और हमारे जीवन मूल्यों, संस्कृति और संस्कारों की संवाहक है। हिंदी देश की एकता का सूत्र है। भारत की जननी और साहित्य की गरिमा हिंदी भाषा जन आंदोलनों की भी भाषा रही है। हिंदी के इसी महत्त्व को छात्राओं में हस्तांतरित करने के लिए बालिका विद्यालय में हिंदी दिवस की पूर्व संध्या पर इनर व्हील क्लब लखनऊ वेस्ट के द्वारा अनेक प्रतियोगिताओं के साथ निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता का विषय था – हिंदी भाषा का महत्व। इस कार्यक्रम का आयोजन ऋचा अवस्थी और रितु सिंह के निर्देशन में हुआ। छात्राओं ने हिंदी के महत्व को दर्शाते हुए अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ लीना मिश्र ने इनर व्हील क्लब लखनऊ वेस्ट की अध्यक्ष अनुसूया दीक्षित, आई एस ओ विजयलक्ष्मी शर्मा और सदस्य रश्मि अग्रवाल का विद्यालय में स्वागत किया।

इस निबंध प्रतियोगिता में कक्षा 11 विज्ञान वर्ग की छात्रा सृष्टि सिंह को प्रथम, कक्षा 9 की छात्रा अदीबा को द्वितीय और कक्षा 8 की छात्रा सोनी सिंह को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। इनर व्हील क्लब लखनऊ वेस्ट द्वारा इन छात्राओं को पुरस्कृत किया गया और खाद्य सामग्री वितरित की गई। इस आयोजन में सीमा आलोक वार्ष्णेय, अनीता श्रीवास्तव, माधवी सिंह, रागिनी यादव और मीनाक्षी गौतम उपस्थित रहे और छात्राओं को बधाई दी।