Road Accident: एक जोरदार धमाका और सड़क पर बिखर गईं लाशें, 11 की दर्दनाक मौत…हरदोई में हुए भीषण सड़क हादसे की वजह आई सामने-Video; पीएम मोदी ने दी आर्थिक मदद

November 6, 2024 by No Comments

Share News

Hardoi Accident: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की जान चली गई है. इस हादसे को जिसने भी देखा और सुना, वो अंदर तक हिल गया. बताया जा रहा है कि हादसा इतना भीषण था कि धमाके की गूंज दूर-दूर तक सुनाई दी. इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया. जानकारी के अनुसार, सुबह बिलग्राम क्षेत्र में माधोगंज रोड के रोशनपुर इलाके में एक डीसीएम और ऑटो की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि उसकी आवाज काफी दूर तक सुनी गई. हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई और चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि ऑटो की छत उड़ गई है, जिससे साफ जाहिर होता है कि हादसा कितना भीषण था. टक्कर के बाद अंदर बैठी सवारियां छिटककर बाहर गिर गईं। सड़क पर लाशें ही लाशें बिछ गईं व चारो तरफ खून ही खून दिखाई दे रहा था. इस घटना के साथ ही एक साथ कई घर उजड़ गए. मृतक में 6 महिलाएं, तीन बच्चे और एक पुरुष शामिल है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना भेज दी है और घायलों को पुलिस ने सीएचसी में भर्ती करवाया गया है। एसपी ने बताया कि पुलिस राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है। डीसीएम को कब्जे में ले लिया गया है और चालक का पता लगाया जा रहा है। मृतकों के परिजनों को शिनाख्त के आधार पर सूचना दे दी गई है. घटना की जानकारी होने के साथ ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया है.

हादसे की असली वजह ये आई सामने

पुलिस ने घटना को लेकर बताया कि डीसीएम ट्रक की स्पीड काफी तेज थी। एक मोटरसाइकिल को बचाने के चक्कर में ये दर्दनाक हादसा हुआ। अनियंत्रित डीसीएम के सामने अचानक ऑटो आ गया और उसे बचाने के फेर में ऑटो से आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद ऑटो उछलकर दूर गिरा और कई फीट तक सड़क पर घिसटता चला गया। फिलहाल पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है. तो वहीं एसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि जैसे ही हादसे की सूचना मिली, पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने हादसे की वजह बताते हुए कहा कि एक मोटरसाइकिल बचाने के कारण डीसीएम और टैम्पो की टक्कर हुई। उन्होंने 10 लोगों के मरने की पुष्टि की है।

पीएम मोदी ने जताया दुख किया आर्थिक मदद का ऐलान

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे में जान गंवाने वाले परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का भी ऐलान किया। प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के हरदोई में हुए हादसे में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख और घायलों को 50,000 रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।” प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक अन्य पोस्ट में जानकारी दी गई है कि पीएम मोदी ने हरदोई हादसे पर दुख जाहिर किया है और कहा है कि ”उत्तर प्रदेश के हरदोई में हुई सड़क दुर्घटना मन को व्यथित करने वाली है। इसमें कई परिवारों ने अपनों को खो दिया है। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की निगरानी में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।”

राष्ट्रपति ने भी जताया दुख

मालूम हो कि इस हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी दुख जताया है और एक्स पोस्ट में लिखा, “हरदोई, उत्तर प्रदेश में एक सड़क दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों सहित कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। इस दुर्घटना में अपने स्वजनों को खोने वाले लोगों के प्रति मैं गहन संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि घायल हुए लोग शीघ्र स्वस्थ हों।”

सीएम योगी ने भी जताया दुख

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दुख जताया है और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”जनपद हरदोई में एक सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों को राहत कार्यों को तेजी से संचालित करने और घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”

ये भी पढ़ें-Chhath Puja: अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने से पहले करें ये आवश्यक कार्य…देखें पूजा विधि और श्री शिव प्रोक्तं सूर्याष्टकं