Lucknow: बारिश से पहले की तैयारी…लखनऊ के इन स्थानों का मंडलायुक्त ने किया व्यापक निरीक्षण
Lucknow: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद आगामी वर्षा ऋतु के दौरान नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव से निजात दिलाने के लिए मण्डलायुक्त डॉ0 रोशन जैकब ने नगर निगम क्षेत्र के प्रमुख नालों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करना एवं संभावित जलभराव स्थलों की पूर्व तैयारी का उन्होंने आंकलन किया.
मंडलायुक्त ने प्रमुख रूप से गोल्फ सिटी पुलिया, दयाल पैराडाइस चौराहा, जनेश्वर मिश्र पार्क गेट नं. 02 के सामने स्थित नाला, वजीरगंज नाला वार्ड गोलागंज, अब्दुल अज़ीज़ रोड चौक, अहमद हसन कोठी अकबरी गेट चौक इत्यादि शामिल रहे।
इस अवसर पर नगर आयुक्त गौरव कुमार ने मण्डलायुक्त को अवगत कराया कि नगर निगम क्षेत्र में नालों की सफाई कार्य प्राथमिकता के आधार पर तीव्र गति से किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान नालों की युद्धस्तर पर साफ-सफाई होती पाई गई, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी सफाई कार्य सुचारू रूप से चल रहा है।
मण्डलायुक्त डॉ0 रोशन जैकब द्वारा निर्देशित किया गया कि वर्षा ऋतु से पूर्व मैनपावर एवं मशीनरी में बढ़ोतरी कर युद्धस्तर पर सफाई सुनिश्चित की जाए। बड़े नालों एवं ड्रेनेज की संरचनात्मक स्थिति की गहन समीक्षा कर आवश्यक मरम्मत कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। शहरी क्षेत्रों में जलभराव की समस्या से बचने हेतु नगर निगम द्वारा जलभराव स्थलों की मैपिंग करते हुए ड्रेनेज मैकेनिज्म प्लान तैयार किया जाए।
उन्होंने निर्देशित किया कि अतिरिक्त पंपों की व्यवस्था कर 24×7 निगरानी टीम तैनात की जाए। नालों की ड्रेनिंग क्षमता का वैज्ञानिक आकलन कराकर योजनाबद्ध कार्यवाही की जाए। जिन नालों में प्लास्टिक, पॉलीथीन आदि का कचरा अधिक बहता है, वहां लोहे की ग्रिल लगाकर कचरा एकत्र करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए जिसे आसानी से उठाया जा सके।
मण्डलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी दशा में बारिश के दौरान नागरिकों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े। यह कार्य प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में सम्मिलित है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त ललित कुमार एवं नगर निगम के संबंधित ज़ोनल अधिकारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें-सड़क हादसे में तीन छात्रों की मौत, एक गम्भीर रूप से घायल; टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के उड़े परखच्चे-Video