सड़क हादसे में तीन छात्रों की मौत, एक गम्भीर रूप से घायल; टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के उड़े परखच्चे-Video
Hyderabad Accident: हैदराबाद के हयातनगर में बुधवार की सुबह सड़क हादसे में तीन छात्रों की जान चली गई है और एक गम्भीर रूप से घायल है. दुर्घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि तेज रफ्तार से आ रही स्कोडा कार सड़क पर बने कर्व पर अनियंत्रित हो जाती है और दूसरी ओर से आ रहे ट्रक के अंदर घुस जाती है. ये टक्कर आमने-सामने से इतनी तेज हुई कि कार मिनी ट्रक के अंदर घुस कर बुरी तरह से फंस गई.
फिलहाल सनराइज अस्पताल में गंभीर व्यक्ति का इलाज जारी है. हयातनगर पुलिस ने बताया कि टक्कर रंगारेड्डी जिले के अब्दुल्लापुरमेट मंडल के अंतर्गत कुंतलूर गांव के पास सुबह करीब 6 बजे हुई। सोशल मीडिया पर वायरल पुलिस के बयान के मुताबिक, पासुममुला से कुंतलूर की ओर एक कार जा रही थी कि सामने से आ रही डीसीएम गाड़ी से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच से सामने आया है कि दुर्घटना इसलिए हुई क्योंकि कार चालक एईजीआईएस एलपीजी बंक के पास तेज गति से मोड़ रहा था और फिर अनियंत्रित हो गया. मृतकों की पहचान पिन्निन्टी चंद्रसेना रेड्डी (24), चुंचू त्रिनाश रेड्डी (24) और चुंचू वर्षीथ रेड्डी (23) के रूप में हुई है, जो सभी कुंतलूर के निवासी हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए उस्मानिया अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि सभी मृतक छात्र थे।
पुलिस ने जानकारी दी कि वाहन में सवार एक अन्य व्यक्ति अलीमेती पवन कल्याण रेड्डी (24) गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है. घटना की जानकारी एक राहगीर से प्राप्त होने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची थी. आगे की जांच जारी है.
Hyderabad Tragedy
CCTV shows a Skoda crash in Hayathnagar at 5:45 AM, killing 3 students, injuring 1. The car lost control near a sharp curve. Survivor critical at Sunrise Hospital. pic.twitter.com/mqT14IDxn1— Deadly Kalesh (@Deadlykalesh) May 21, 2025