अजब-गजब प्रेमी…हरिद्वार जाकर जीवित प्रेमिका का कर दिया पिंडदान; वजह ने चौंकाया
Etawah News: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से चौंका देने वाली खबर सामने आ रही है. यहां के कांधनी गांव में एक अजब-गजब प्रेमी ने अपनी प्रेमिका का जीवित ही पिंडदान कर दिया. फिलहाल इस अनोखे प्रेम की कहानी अब चर्चा का विषय बनी हुई है.
दरअसल 21 वर्षीय युवक अतुल वर्मा ने अपनी जीवित प्रेमिका का हरिद्वार में पिंडदान कर दिया. इस मामले के सामने आने के बाद पूरे गांव से लेकर सोशल मीडिया पर ये घटना चर्चा का विषय बनी हुई है. दरअसल अतुल का गांव की ही एक लड़की से 8 साल से परिचय था और दोनों ने एक ही स्कूल से पढ़ाई की थी. अतुल का दावा है कि वह उसकी प्रेमिका थी और दोनों एक दूसरे से प्यार करते थे लेकिन हाल ही में अतुल को पता चला कि उसकी प्रेमिका का झुकाव स्कूल के एक अन्य युवक की तरफ हो गया है।
इस पर अतुल ने प्रेमिका को फोन किया तो पता चला की वह बलरई में अपनी बुआ के घर पर गई है लेकिन अतुल को फिर भी भरोसा नहीं हुआ तो उसने उसी युवक को फोन किया जिससे उसकी प्रेमिका का चक्कर हो गया. यहां चौंकाने वाली बात ये थी कि युवक ने अतुल की बात लड़की से करवा दी. इसके बाद प्यार में धोखा मिलने पर अतुल तमतमाता हुआ बलरई पहुंचा और युवक से झगड़ पड़ा.
इस पर प्रेमिका ने उसे थप्पड़ मार दिया और फिर दूसरे युवक के साथ अतुल की जमकर मारपीट हो गई. इसके बाद अतुल अपने घर न जाकर वहां से सीधे इटावा रेलवे स्टेशन गया और हरिद्वार की ट्रेन पकड़ ली।
इधर अतुल के घर न पहुंचने पर परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी और अपने बेटे को जल्द से जल्द ढूंढने के लिए पुलिस पर दबाब बनाने के लिए परिजनों ने लुहनना चौराहे पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस ने युवती समेत पांच लोगों पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया. इधर पुलिस अतुल की तलाश कर ही रही थी कि हरिद्वार से अतुल लौट आया और फिर उसने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि वह हरिद्वार गया था और उसने हमेशा के लिए अपनी प्रेमिका को अलविदा कह दिया है और इसीलिए प्रेमिका का पिंडदान कर दिया।
इसी के साथ ही अतुल ने बताया कि पिंडदान करते वक्त उसने भगवान से प्रार्थना की कि वह अब उस लड़की को अपनी जिंदगी से हमेशा के लिए निकाल रहा है। फिलहाल अतुल बुधवार सुबह घर लौटा तो परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. परिवार के साथ ही पुलिस ने भी राहत की सांस ली लेकिन अब चौराहा जाम करने के आरोप में पुलिस अतुल के परिजनों पर कार्रवाई की तैयारी कर रही है और झूठे केस को भी खत्म करने की बात कह रही है.
इस सम्बंध में क्षेत्राधिकारी नगर रामगोपाल शर्मा ने मीडिया को जानकारी दी कि अतुल के वापस आने के बाद दर्ज मुकदमे की समीक्षा की जाएगी और अपहरण की धारा में दर्ज केस को समाप्त किया जाएगा क्योंकि ये मामला पूरी तरह से गलत साबित हो चुका है. तो वहीं चौराहा जाम करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर सोशल मीडिया पर इस मामले को जो भी पढ़ रहा है वह अपनी हंसी नहीं रोक पा रहा है.
ये भी पढ़ें-Nautapa-2025: जानें कब से शुरू है नौतपा और क्यों जरूरी है हमारे लिए? इस तरह रखें अपना ख्याल