Vrindavan News: प्रेमानंद महाराज का ‘एकांतिक दर्शन’ कराने के नाम पर युवती से दुष्कर्म… टोकन दिलाने का झांसा देकर ले गया होटल
Vrindavan News: उत्तर प्रदेश की अध्यात्मिक नगरी वृंदावन से इंसानियत को शर्मसार करने वाली खबर सामने आ रही है. यहाँ पर एक युवक ने प्रेमानंद महाराज के ‘एकांतिक दर्शन’ कराने का टोकन दिलाने का झांसा देकर आगरा की एक युवती से दुष्कर्म किया और फिर उसे ब्लैकमेल भी करने लगा. पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
तो दूसरी ओर पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया है कि 21 अगस्त को उसके इंस्टाग्राम पर एक अंजान व्यक्ति ने मैसेज किया और दावा किया कि वह वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज का ‘एकांतिक दर्शन’ के लिए विशेष टोकन दिला सकता है. पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने अपना नाम सुंदरम राजपूत बताया.
इसके बाद दोनों के बीच नम्बर का आदान-प्रदान हुआ और फिर 12 सितंबर को सुंदरम ने पीड़िता को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजा कि उसका टोकन मंजूर हो गया है और दर्शन के लिए सुबह 4:30 बजे प्रेम मंदिर वह पहुंच जाए. इसके बाद युवती अपने भाई के साथ कार से प्रेम मंदिर पहुंच गई. पीड़िता ने तहरीर में बताया है कि आरोपी मंदिर परिसर के बाहर बाइक से आया और कहा कि आगे कार नहीं जा सकती. इसके बाद उसने युवती को अपने साथ बाइक पर बैठा लिया और उसे होटल राधा कृष्ण धाम स्थित अपने कथित ऑफिस में ले गया.
पीड़िता का आरोप लगाया है कि कमरे में आरोपी ने उसे पीने के लिए कॉफी दी. जैसे ही उसने कॉफी पी वह बेहोश हो गई क्योंकि उसमें नशीला पदार्थ मिला हुआ था.जब उसे होश आया, तो उसने खुद को आपत्तिजनक स्थिति में पाया. इस दौरान आरोपी ने उसके अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए और फिर उसकी न्यूड फोटो और वीडियो वायरल कर देने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने लगा.
युवती ने ये भी आरोप लगााय कि न्यूड फोटो-वीडियो बनाने के बाद आरोपी ने उसे ब्लैकमेल करके बार-बार शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया. फिर उसे आगरा स्थित वैभव पैलेस होटल में भी बुलाया और यहां पर भी उसके साथ बलात्कार किया. पीड़िता जैसे ही इस घटना को लेकर पुलिस में शिकायत करने पहुंची तो हड़कंप मच गया. वृंदावन पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
एसपी सिटी राजीव कुमार ने मीडिया को जानकारी दी और बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी सुंदरम राजपूत के खिलाफ संबंधित धाराओं (धारा 64(1) और 351(3)) में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है.
तो वहीं ये खबर लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है और लोग इस खबर को लेकर शर्मसार हैं. सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि आध्यात्मिक नगरी में इस तरह की हरकत करने में इन लोगों को जरा भी शर्म नहीं आती. ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.