Heart Attack: स्कूल में अचानक गिरा कक्षा-6 का बच्चा और फिर नहीं उठ सका…प्रधानाचार्य ने कही ये बात

December 5, 2025 by No Comments

Share News

Heart Attack: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है. यहां शुक्रवार को मोंटफार्ट इंटर कॉलेज में पढ़ाई करते समय कक्षा 6 के छात्र की हार्ट अटैक से मौत हो गई. इस घटना ने न केवल घरवालों बल्कि हर किसी को हिला कर रख दिया है.

जानकारी सामने आई है कि अमेय सिंह कक्षा 6 में पढ़ता था. स्कूल में ही उसकी अचानक तबीयत खराब हुई और फिर आनन-फानन में उसे भाऊराव देवरस अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद से ही घर में मातम पसर गया है.

इसको लेकर प्रधानाचार्य ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि कॉलेज में यूनिट टेस्ट-2 की परीक्षा चल रही थी और इसी परीक्षा में कक्षा 6-सी का छात्र अमेय सिंह पुत्र संदीप सिंह भी परीक्षा दे रहा था. प्रधानाचार्य ने बताया कि परीक्षा खत्म होने के बाद उसने अपनी उत्तर पुस्तिका कक्ष निरीक्षिका को जमा की और फिर तुरंत बाद अपनी सीट पर ही बेहोश होकर गिर गया.

इस पर कक्ष निरीक्षिका ने विद्यालय आफिस व अन्य शिक्षकों, कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी और शिक्षक व कर्मचारी स्टेचर पर उसे लेकर विद्यालय के प्राथमिक उपचार कक्ष में गए. जहां सीपीआर देना प्रारंभ किया लेकिन जब हालत नहीं सुधरे तो सिविल अस्पताल, महानगर लेकर पहुंचे. वहां इमरजेंसी में डॉक्टरों ने उसे देखा और फिर मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों ने मृत्यु की वजह हार्ट अटैक बताया है.

सोशल मीडिया पर खबर वायरल होते ही लोग चिंतित हो उठे हैं क्योंकि इतने छोटे बच्चे को हार्ट अटैक एक बड़ा सवाल बन गया है. हालांकि इधर कई सालों से सोशल मीडिया पर जिम करते या फिर डांस करते हार्ट अटैक की खबरों ने लोगों को चिंता में डाल दिया है.

ये भी पढ़ें-स्कूल बस ने रौंद डाले बच्चे…एक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल; रूह कंपाने वाला Video वायरल