Human Rights: जाति, धर्म, लिंग और राष्ट्रीयता से ऊपर है मानवाधिकार…छात्राओं को मिली अहम जानकारी
Human Rights: मानवाधिकार, प्रत्येक व्यक्ति को मिलने वाले वे अधिकार हैं जो उसकी मूल गरिमा, स्वतंत्रता और समानता के अधिकार को सुनिश्चित करते हैं। यह अधिकार किसी भी व्यक्ति के जाति, धर्म, लिंग या राष्ट्रीयता से ऊपर होते हैं। ये अधिकार दुनिया भर में सुनिश्चित किए जाते हैं, ताकि हर व्यक्ति को जीवन में समान अवसर मिल सकें।
मानवाधिकार का व्यापक दायरा है। ये जीवन की दिनचर्या के विविध पहलुओं से भी गहरे जुड़े हुए हैं, क्योंकि इनसे हमारी बुनियादी ज़रूरतों की पूर्ति होती है। मानवाधिकार के अंतर्गत, प्रत्येक व्यक्ति को पर्याप्त, स्वस्थ और सुरक्षित भोजन का अधिकार है। यह अधिकार न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए आवश्यक है, बल्कि मानसिक विकास और समग्र कल्याण के लिए भी महत्त्वपूर्ण है। जब लोग पर्याप्त पोषण से वंचित होते हैं, तो उनकी क्षमता पूरी तरह से विकसित नहीं हो पाती और वे गरीबी, भुखमरी और बीमारी के शिकार हो सकते हैं।
बीमारियों से बचाव, इलाज और उचित देखभाल का अधिकार किसी भी व्यक्ति को उनके जीवन की गुणवत्ता को बढ़ाने में सहायता करता है। साथ ही शिक्षा का अधिकार एक बुनियादी मानवाधिकार है जो हर बच्चे को शिक्षित होने का अवसर देता है। यह अधिकार न केवल समाज में आर्थिक और सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने में सहायक है, बल्कि यह लोगों को आत्मनिर्भर और समृद्ध जीवन जीने के लिए जरूरी कौशल भी प्रदान करता है। जीने का अधिकार और उचित आवास प्राप्त करना भी मानवाधिकारों का हिस्सा है।
हर व्यक्ति को एक सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण में रहने का अधिकार है। मानवाधिकार प्रत्येक व्यक्ति को अपने विचार, आस्था और व्यक्तित्व के विकास की स्वतंत्रता प्रदान करता है। व्यक्ति को रोजगार प्राप्त करने और अपनी मेहनत से जीवन यापन करने का अधिकार है। इस अधिकार से जुड़े पहलू, जैसे कि उचित वेतन, कार्यस्थल पर सुरक्षित और न्यायपूर्ण वातावरण और श्रमिक अधिकारों का संरक्षण, यह सुनिश्चित करते हैं कि कोई भी व्यक्ति शोषण और दुराचार का शिकार न हो।
हर व्यक्ति को अपनी संस्कृति, परंपराओं और आस्थाओं का पालन करने का अधिकार है। यह अधिकार न केवल व्यक्तिगत पहचान को बनाए रखने में मदद करता है, बल्कि सामाजिक विविधता को भी बढ़ावा देता है। सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण से समाज में एकता और भाईचारे का वातावरण बनता है।
ये महत्त्वपूर्ण बातें बालिका विद्यालय में आज मानवाधिकार के प्रति जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत संवाद कार्यक्रम में छात्राओं एवं शिक्षिकाओं की जिज्ञासाओं को शांत करते हुए व्याख्यान में कही गयीं। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता एवं मुख्य अतिथि प्रो मञ्जूषा तिवारी, सहायक आचार्य, राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, लखनऊ थीं, जिन्होंने “मानवाधिकार, हमारी रोजमर्रा की ज़रूरतें” विषय पर सारगर्भित और विस्तृत व्याख्यान दिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ लीना मिश्र ने मुख्य अतिथि को अंग वस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत और विषय प्रवर्तन किया। डॉ लीना मिश्र ने कहा कि खानपान और पोषण, स्वास्थ्य और चिकित्सा, शिक्षा, आवास और जीवन की गुणवत्ता, स्वतंत्रता और समानता, कार्य और न्याय, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक अधिकार नागरिकों के रोजमर्रा के अधिकार हैं जो निर्बाध तरीके से उन्हें सहज उपलब्ध रहना चाहिए। इसके लिए शासन-सत्ता के साथ हमें भी अपने स्तर से प्रयास कर उसकी गुणवत्ता सुनिश्चित करनी चाहिए।
कार्यक्रम में छात्राओं और शिक्षिकाओं ने प्रो मञ्जूषा तिवारी से मानवाधिकारों के सम्बन्ध में अनेक प्रश्न पूछे और रिसोर्स पर्सन ने सहज भाषा शैली में तथ्यपरक उदाहरणों के साथ उनका समुचित उत्तर दिया। इस विषय को लेकर छात्राओं ने पूनम यादव, मंजुला यादव और प्रतिभा रानी के निर्देशन में स्लोगन और पोस्टर बनाए।
विशिष्ट अतिथि द्वारा स्लोगन प्रतियोगिता में विजयी छात्राओं मुस्कान कन्नौजिया, आराधना निषाद, सलोनी और मुस्कान को तथा पोस्टर प्रतियोगिता में मांडवी सिंह, सोनी सिंह, महक एवं आफरीन को मेडल और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में उमा रानी यादव, पूनम यादव, उत्तरा सिंह, अनीता श्रीवास्तव, माधवी सिंह, रागिनी यादव, मंजुला यादव, मीनाक्षी गौतम, प्रतिभा रानी और रितु सिंह उपस्थित रहीं।
ये भी पढ़ें-Health Tips: थोड़ी सी भी लापरवाही पड़ सकती है भारी…5 साल तक के बच्चों को इस तरह बचाएं निमोनिया से