कलेक्टर मैडम को छात्राओं ने बोल दिया रील…थाने उठा लाई पुलिस; हुआ बड़ा बवाल-Video

December 21, 2025 by No Comments

Share News

IAS Tina Dabi: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें कुछ छात्राएं राजस्थान की महिला आईएएस टीना डाबी पर आरोप लगा रही हैं कि वह एक दिन भी स्कूल की समस्याओं को सुनने के लिए नहीं आईं. दरअसल छात्राएं फीस कम करने को लेकर प्रदर्शन कर रही थीं कि तभी छात्राओं ने कलेक्टर मैडम को रोल मॉडल नही बल्कि रील स्टार कह दिया. इस पर बाड़मेर में बवाल हो गया और फिर क्या था छात्राओं को पुलिस थाने उठा लाई. इसके बाद तो छात्राएं और भी नाराज हो गईं जैसा कि वीडियो में दिखाई दे रहा है.

सोशल मीडिया पर वायरल खबरों के मुताबिक, छात्राओं ने आरोप लगाया है कि वह बाड़मेर कॉलेज की छात्राएं हैं और कॉलेज फीस कम करने की मांग कर रही थीं. ये छात्राएं एबीवीपी (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) से जुड़ी हैं. कॉलेज में हंगामा कि सूचना मिलने पर एडीएम और एसडीएम मौके पर पहुंचे और छात्राओं को समझाते हुए कहने लगे कि आपकी समस्याएं सुनी जाएंगी क्योंकि यहां की कलेक्टर मैडम रोल मॉडल हैं.

बस एसडीएम का इतना कहना ही था कि छात्राओं ने कह दिया कि वो रोल मॉडल नहीं रील स्टार हैं. सफाई अभियान में रील बनाने पहुंच जाती हैं लेकिन छात्राओं की समस्याएं सुनने के लिए वे यहां नहीं आई. इसी के साथ ही छात्राओं ने कहा कि उनके लिए रोल मॉडल अहिल्याबाई होल्कर और रानी लक्ष्मी बाई हैं. आरोप है कि इसी के बाद छात्राओं को पुलिस थाने उठा लाई और गिरफ्तार कर लिया.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान कई छात्रनेता भी मौके पर मौजूद रहे और पुलिस उनको पकड़ कर थाने ले गई. इस पर दर्जनों छात्राएं भी पुलिस थाने पहुंच गई और थाने का घेराव कर थाने के बाहर जमकर नारेबाजी की. छात्राओं ने कहा कि फीस में अचानक तीन गुना बढ़ोतरी कर दी गई है जो कि बहुत ही गलत है. हम लोग इसका विरोध तब तक करते रहेंगे जब तक कि फीस कम नहीं की जाती.

एसपी ने कहा- हमसे गलती हो गई

तो वहीं बाड़मेर कोतवाली पुलिस द्वारा छात्राओं को गिरफ्तार किए जाने को लेकर हंगामा बढ़ता देख एसपी नरेंद्र सिंह खुद मौके पर पहुंचे और उन्होंने कहा कि हम मानते हैं कि हमसे गलती हो गई. इसी के साथ ही एसपी ने समझदारी दिखाते हुए मामला शांत कराया और छात्राओं को समझाकर घर भेजा.

ये भी पढ़ें-Health Tips: स्ट्रोक के पहचानें लक्षण और तुरंत करें ये काम…भारत में हर 5 मिनट में हो रही एक मौत; ठंड में अधिक खतरा