कड़ाके की ठंड में एक युवक का साहसिक कार्य…डूबती महिला को बचाने के लिए कूदा नदी में-Video
Agra News: उत्तर प्रदेश सहित देश के तमाम हिस्सों में कड़ाके की ठंड और शीत लहर चल रही है. घर से बाहर निकलने का मन नहीं हो रहा है तो वहीं घर में भी जो लोग हैं वो रजाई में छुपे हुए हैं और जरा सा भी पानी छू जाने पर सिहर जा रहे हैं. तो वहीं सोशल मीडिया पर एक युवक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.
ये वीडियो उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से सामने आया है. यमुना किनारे खड़े होकर सैकड़ों लोग एक महिला को डूबते हुए देख रहे थे इसी बीच 26 साल का सोनू सुबह अपने 6-7 दोस्तों के साथ कार से क्रिकेट खेलने के लिए फिरोजाबाद जा रहा था. उसकी कार जैसे ही सोफीपुर यमुना पुल के पास पहुंची तो उन्होंने देखा कि नदी के बीचों-बीच एक महिला डूब रही है. महिला का हाथ पानी के ऊपर हिलता हुआ दिखाई दे रहा था. इस पर सोनू ने आव देखा न ताव, तुरंत अपने कपड़े उतार कर यमुना में कूद गया और इस कड़ाके की ठंड में वह तैरता हुआ नदी के बीच में गया और महिला को किनारे ले आया. घटना सोमवार की बताई जा रही है. सोनू के इस कार्य से सोशल मीडिया पर उसकी जमकर तारीफ हो रही है.
5 बार ‘डायल-112’ पर किया फोन लेकिन नहीं हुआ संपर्क
प्रत्यदर्शियों ने बताया कि सोनू जब महिला को बाहर निकाल कर ले आया तो उसके दोस्तों ने तुरंत मदद के लिए पुलिस को फोन किया और पुलिस सहायता के लिए ‘डायल-112’ पर 5 बार कॉल किया, लेकिन एक बार भी संपर्क नहीं हो सका. इस पर उन्होंने बसई मोहम्मदपुर थाने को घटना की सूचना दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को गंभीर हालत में एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाया तो वहीं सोनू और उसके दोस्त भी महिला का हाल जानने के लिए अपनी कार से अस्पताल पहुंचे.
महिला ने बहू से कहासुनी के बाद लगाई यमुना में छलांग
बसई मोहम्मदपुर थाने के इंस्पेक्टर कृष्ण स्वरूप पाल ने इस घटना को लेकर एक बयान जारी किया है जिसमें बताया है कि महिला बेहोश है और इसका इलाज अस्पताल में जारी है. होश में आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल अभी उसकी शिनाख्त नही हो सकी है लेकिन पुलिस की शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि महिला ने घर में अपनी बहू से हुई कहासुनी के बाद तनाव में आकर यमुना में छलांग लगा दी थी.पुलिस अधिकारियों ने सोनू की तारीफ करते हुए कहा है कि सोनू व उसके दोस्तों के साहस और सूझबूझ और इस निस्वार्थ प्रयास से ही महिला की जान बचाई जा सकी है. तो वहीं सोशल मीडिया पर भी सोनू के साहस की जमकर प्रशंसा हो रही है क्योंकि जहां इस कड़ाके की ठंड में अधिकांश लोग नहाना तक बंद कर देते हैं तो वहीं सोनू ने नदी में कूदकर महिला की जान बचाई और निस्वार्थ भाव से कार्य किया. आजकल ऐसे युवाओं की भी समाज में कमी होती जा रही है.
आगरा के फ़िरोज़ाबाद का लड़का सोनू दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलने जा रहा था, तभी उसकी नज़र नदी में डूब रही एक महिला पर पड़ी। सोनू ने ज़रा भी देर किए बिना पानी में छलांग लगाई और महिला को खींचकर किनारे ले आया।
इतनी ठंड में पानी में कूदने का साहस सोनू जैसे बिरले लड़कों में ही होता… pic.twitter.com/8Ps1XFg0ux— 𝙼𝚛 𝚃𝚢𝚊𝚐𝚒 (@mktyaggi) January 6, 2026
ये भी पढ़ें-“घर में जगह नहीं है…” मां को वृद्धाश्रम छोड़ने आई बेटी ने दिया जवाब-Video