Ayodhya: राजघाट महायज्ञ में लगी भीषण आग…मची अफरा-तफरी; बीजेपी के मंत्री कर रहे हैं इस कार्यक्रम की अध्यक्षता-Video

March 28, 2026 by No Comments

Share News

Ayodhya: अयोध्या से बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां के राजघाट में हो रहे श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ में भीषण आग लग गई है.सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में आग की ऊंचीं-ऊंची लपटे दिखाई दे रही हैं. फिलहाल अभी आग लगने की वजह सामने नहीं आ सकी है. मौके पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौजूद है. आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल है. रेस्क्यू टीम मौके पर कार्य कर रही है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महायज्ञ परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की अध्यक्षता में कराया जा रहा है. महायज्ञ श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ, स्वामी जी महाराज के द्वारा कराया जा रहा है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लोग इस घटना की चिंता इस बात को लेकर करते सुने जा रहे हैं कि राम मंदिर बगल में है और यहां आग लग गई. लोग सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं.

फिलहाल मौके पर दमकल की चार गाड़ियां आग पर काबू पाने की लगातार कोशिश कर रही हैं. बता दें कि लक्ष्मी नारायण महायज्ञ राजघाट बाटी वाले बाबा घाट के निकट ही आयोजित किया जा रहा है. कार्यक्रम में प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के साथ गोसाईगंज के विधायक अभय सिंह के भी मौजूद होने की खबर सामने आ रही है. फिलहाल अभी घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है. आगे जानकारी का इंतजार किया जा रहा है.

वहीं इस घटना में 3-4 लोगों के झुलसने की संभावना है. फिलहाल घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है. बताया जा रहा है कि 108 कुंडीय महायज्ञ के समापन के बाद भड़की आग से तीन जगह पर भयंकर आग लग गई. फिलहाल आग कैसे लगी इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आ सकी है.

परिवहन मंत्री का बयान

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह का बयान इस सम्बंध में सामने आया है, उन्होंने कहा कि 9 दिवसीय यज्ञ का आयोजन हुआ था और पूर्णाहुति के डेढ़ घंटे पहले ये घटना हुई. घटना कैसे हुई इसकी जानकारी नहीं है, जब यज्ञशाला में आग लगी उस समय यज्ञशाला खाली हो चुकी थी. फिलहाल कोई भी जनहानि नहीं हुई है. वहीं मंत्री ने कहा कि दूसरी जगह 700 मीटर दूर पर आग लगी लेकिन ये आग कैसे लगी इसको लेकर भी संशय बरकरार है.

प्रत्यक्षदर्शियों और प्रशासन का बयान

प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि हवन के दौरान तेज हवा चलने से आग लगी है. आग लगते ही प्रशासन ने घटनास्थल को खाली करा लिया. तो वहीं जिलाधिकारी अयोध्या निखिल टीकाराम फंडे के मुताबिक, घटना में किसी तरीके की जनहानि नहीं हुई है. सभी सुरक्षित है. मौके पर स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ दमकल की गाड़ियां मौजूद हैं और राहत कार्य जारी है. साथ ही जिलाधिकारी ने सभी से कार्यक्रम स्थल को खाली करने की अपील की ताकि कोई अप्रिय घटना ना हो. जिलाधिकारी ने कहा कि यज्ञ समाप्त हो चुका था और घटना के वक्त यज्ञशाला खाली थी.

ये भी पढ़ें-ADR Report: भाजपा की झोली में गिरा बम्पर चंदा…कांग्रेस सहित चार राष्ट्रीय दलों के कुल चंदे से 1000% अधिक मिला; बसपा ने इस बार फिर चौंकाया