Amarnath Yatra 2026: अमरनाथ यात्रा के लिए आज से शुरू हो गया रजिस्ट्रेशन…ऐसे करें अप्लाई और जानें क्या हैं नियम
Amarnath Yatra 2026: बाबा बर्फानी के भक्तों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है. अब वे बाबा के दर्शन के लिए जा सकते हैं. दरअसल अमरनाथ यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आज यानी 15 अप्रैल से शुरू हो गई है. श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अमरनाथ यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से किया जा सकता है.
इस साल .यानी 2026 में यह यात्रा 3 जुलाई को शुरू होगी और 28 अगस्त तक चलेगी. मालूम हो कि हर साल अमरनाथ की पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जाते हैं. इस यात्रा के लिए सालभर भक्त बेसब्री से इंतजार करते हैं.
रजिस्ट्रेशन के लिए करें ये काम
अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालु ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. ऑनलाइन पंजीकरण के लिए श्रद्धालुओं को श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (SASB) की आधिकारिक वेबसाइट jksasb.nic.in पर जाना होगा और यहां से आवेदन कर सकेंगे. इसके साथ ही बोर्ड के मोबाइल ऐप की मदद से भी रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है. अगर ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन करते हैं तो देश भर की 540 से अधिक अधिकृत बैंक शाखाओं में जाकर यात्रा के लिए पंजीकरण कराया जा सकता है. श्रद्धालु भारतीय स्टेट बैंक के साथ ही पंजाब नेशनल बैंक, जम्मू एंड कश्मीर बैंक, यस बैंक और एक्सिस बैंक की सभी शाखाओं में जाकर आवेदन कर सकते हैं.
चाहिए ये जरूरी डॉक्यूमेंट
बता दें कि भक्तों को इस यात्रा पर जाने के लिए कंपल्सरी हेल्थ सर्टिफिकेट (CHC) सबसे जरूरी होता है क्योंकि इसके बिना रजिस्ट्रेशन नहीं हो सकेगा. यह सर्टिफिकेट बोर्ड द्वारा अधिकृत डॉक्टर्स से ही बनवाना सकेंगे. इस बात को ध्यान में रखें कि जो सर्टिफिकेट 8 अप्रैल 2026 के बाद जारी हुआ होगा वही मान्य होगा.
इसी के साथ ही वोटर आईडी कार्ड या पासपोर्ट, आधार कार्ड चाहिए होगा. साथ ही 4-5 ताजा फोटो रजिस्ट्रेशन के लिए चाहिए होगी. अमरनाथ यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन फीस 150 रुपये है. इस फीस को ऑनलाइन या बैंक के जरिए जमा कर सकते हैं. इसी के साथ ही रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी.
ये बनाए गए हैं सख्त नियम
बता दें कि श्राइन बोर्ड ने अमरनाथ यात्रा के लिए कड़े नियम बनाए हैं. इस यात्रा में 13 साल से कम उम्र के बच्चे शामिल नहीं हो सकते. मात्र 13 से 70 वर्ष की उम्र के लोग ही यात्रा पर जा सकते हैं. 70 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए भी अनुमति नहीं है. अगर कोई महिला 6 सप्ताह से अधिक की गर्भवती है तो उसे भी इस यात्रा की अनुमति नहीं है. यात्रा के दौरान प्रत्येक यात्री को रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (RFID) कार्ड दिया जाएगा जिसको पूरी यात्रा के दौरान गले में पहन कर रखना अनिवार्य है. इसी की मदद से सुरक्षा एजेंसियां आपकी लोकेशन ट्रैक कर सकेंगी.
अमरनाथ यात्रा के लिए ये बात भी जानना जरूरी
अगर आप अमरनाथ यात्रा पर जाना चाह रहे हैं तो इसकी हर एक जानकारी को गौर से जानना होगा. रजिस्ट्रेशन करते समय आपको अपने रूट का चयन करना होगा. पहला पहलगाम मार्ग है, जो कि करीब 48 किलोमीटर लंबा मार्ग है. यह आसान रास्ता है, लेकिन गुफा तक पहुंचने में 3-4 दिन लगते हैं. इस दौरान धीरे-धीरे चढ़ाई होती है. बालटाल रूट लगभग 14 किलोमीटर का मार्ग है. ये वो स्थान है जहां से आप एक ही दिन में गुफा तक पहुंच सकते हैं, लेकिन इसकी चढ़ाई बहुत ही कठिन और काफी खड़ी है. इसलिए श्रद्धालु अपनी क्षमता के मुताबिक ही मार्ग का चयन करें. इसके लिए किसी अनुभवी से भी परामर्श ले सकते हैं और अपने चिकित्सक से भी सलाह ले सकते हैं.