शकुन्तला विवि में पीएचडी के लिए 18 जून तक होगा साक्षात्कार…अभ्यर्थियों से की गई ये अपील
Shakuntala University: डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय (Dr Shakuntala Mishra National Rehabilitation University) में शैक्षणिक सत्र 2025-26 की पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया जून के अंतिम सप्ताह तक पूर्ण कर ली जाएगी। पीएचडी प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है, अब साक्षात्कार एवं मेरिट निर्धारण की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है।
इस सम्बंध में कुलपति आचार्य संजय सिंह ने कहा कि शोध और नवाचार विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है। विवि में अधिक से अधिक शोध हो इसपर जोर दिया जा रहा है। विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि शोध प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराया जाए.
विभागों को कर दिया गया है सूचित
प्रवेश निदेशक प्रो. अनामिका चौधरी ने बताया कि सभी विभागों को सूचित कर दिया गया है कि वे मंगलवार से अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए आमंत्रित करें। 18 जून से पहले सभी विभागों में साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद विभागीय शोध समिति (डीआरसी) द्वारा किया गया सम्पूर्ण मूल्यांकन प्रवेश समिति को सौंप दिया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों की मेरिट सूची प्रवेश समिति की ओर से विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी जाएगी।
आधिकारिक वेबसाइट करते रहें चेक
कुलसचिव रोहित सिंह ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित सभी सूचनाओं एवं अपडेट के लिए समय-समय पर विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन करते रहें। विश्वविद्यालय के प्रवक्ता प्रो. यशवंत वीरोदय ने बताया कि पीएचडी प्रवेश में अभ्यर्थियों की मेरिट यूजीसी-नेट में प्राप्त अंकों एवं साक्षात्कार के प्रदर्शन के आधार पर तैयार की जाएगी। कुल अंकों में 70 प्रतिशत वेटेज यूजीसी-नेट के अंकों का और 30 प्रतिशत वेटेज साक्षात्कार का होगा। इसी आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा।
ये भी पढ़ें-खान सर की गिरफ्तारी पर कोर्ट ने लगाई रोक…तो वहीं रौशन आनंद की जमानत याचिका खारिज