Lucknow University UniRank 2026: UP के बहु‑विषयी स्टेट यूनिवर्सिटी में एलयू प्रथम… शीर्ष 100 संस्थानों में स्थान बनाने वाला बना एकमात्र राज्य विश्वविद्यालय
Lucknow University UniRank 2026: लखनऊ विश्वविद्यालय (Lucknow University) ने प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग एजेंसी यूनीरैंक (UniRank) की वर्ष 2026 की रैंकिंग में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के राज्य विश्वविद्यालयों (state universities) में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर 44वीं तथा वैश्विक स्तर पर 3148वीं रैंक मिली है। विशेष रूप से लखनऊ विश्वविद्यालय उत्तर प्रदेश के शीर्ष 100 संस्थानों में स्थान प्राप्त करने वाला एकमात्र राज्य विश्वविद्यालय बनकर उभरा है।
बता दें कि यूनीरैंक विश्वभर के उच्च शिक्षण संस्थानों का मूल्यांकन उनकी वेब उपस्थिति, डिजिटल प्रभाव, ऑनलाइन दृश्यता तथा विभिन्न स्वतंत्र वेब‑आधारित संकेतकों के आधार पर करता है। इस रैंकिंग में केवल मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों को शामिल किया जाता है, जिससे यह संस्थानों की वैश्विक पहुंच और प्रतिष्ठा का एक महत्वपूर्ण मानक माना जाता है।
उत्तर प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालयों में प्रथम स्थान प्राप्त करना लखनऊ विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध उत्कृष्टता, नवाचार आधारित दृष्टिकोण तथा अकादमिक नेतृत्व का प्रमाण है।
इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने कहा कि “देश के राज्य विश्वविद्यालयों में प्रथम स्थान प्राप्त करना तथा शीर्ष 100 संस्थानों में स्थान बनाने वाला एकमात्र राज्य विश्वविद्यालय होना लखनऊ विश्वविद्यालय की शैक्षणिक क्षमता और उत्कृष्टता का परिचायक है.” उन्होंने ये भी कहा कि लखनऊ विश्वविद्यालय की यह उपलब्धि उसकी बढ़ती राष्ट्रीय प्रतिष्ठा, वैश्विक दृश्यता और अकादमिक प्रभाव का महत्वपूर्ण प्रमाण है।
कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने आगे कहा कि लखनऊ विश्वविद्यालय अपनी 105 वर्ष से अधिक पुरानी गौरवशाली विरासत को आधुनिक शोध, नवाचार, डिजिटल सशक्तीकरण और वैश्विक अकादमिक सहयोग के माध्यम से नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।