Lucknow: सिपाही सुनील शुक्ला सेवा से बर्खास्त…पलिस महकमे में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ उठाई थी आवाज; अब BJP पर साधा निशाना-Video

June 28, 2026 by No Comments

Share News

Lucknow: पुलिस विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले सिपाही सुनील कुमार शुक्ला को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है. वह लखनऊ पुलिस लाइन में तैनात थे. उत्तर प्रदेश पुलिस में पुलिस विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार, विभागीय व्यवस्था और प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल किया था. अनुशासनहीनता का आरोप लगाकर विभाग ने पहले उनको निलंबित किया था और अब सेवा समाप्त कर दी है.

बता दें कि रविवार को लखनऊ पुल‍िस के ऑफ‍िशि‍यल एक्‍स हैंडल से सुनील कुमार शुक्ला को सेवा से बर्खास्त करने की जानकारी शेयर की गई. मालूम हो कि हाल ही में सुनील कुमार ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो जारी कर पुलिस अधि‍कार‍ियों पर कई गंभीर आरोप लगाए थे और फिर तभी से लगातार वह वीडियो शेयर कर भ्रष्टाचार को उजागर कर रहे हैं. इसी के बाद ही सोशल मीडिया पॉलिसी का उल्लंघन करने और विभागीय अधिकारियों पर ड्यूटी लगाने के नाम पर वसूली के गंभीर आरोप लगाने के मामले में उनको सस्‍पेंड कर दिया गया था.

लखनऊ पुल‍िस कम‍िश्नरेट की ओर से जारी बयान के मुताबिक 7 मई 2026 को इस सम्बंध में जांच समिति का गठन किया गया था. प्रकरण की जांच कर संबंधि‍त पुल‍िसकर्मियों के बयान दर्ज क‍िए और आरक्षी सुनील कुमार शुक्‍ला सह‍ित सभी संबंधि‍त व्‍यक्‍त‍ियों को अपना पक्ष और साक्ष्‍य प्रस्‍तुत करने का मौका द‍िया गया था ले‍क‍िन आरक्षी सुनील कुमार शुक्‍ला आरोपों के समर्थन में कोई साक्ष्‍य प्रस्तुत नहीं कर सके. इसी के बाद ही उनकी सेवा समाप्त कर दी गई है.

लखनऊ पुल‍िस के ऑफिशियल एक्‍स हैंडल पर कहा गया है कि विभागीय जांच में सोशल मीडिया/मीडिया मंचों के दुरुपयोग, विभागीय अनुशासनहीनता और नियमों के लगातार उल्लंघन के दोषी पाए जाने के बाद आरक्षी सुनील कुमार शुक्ला को पुलिस सेवा से बर्खास्त किया गया है.

लगाए थे ये गंभीर आरोप

बता दें कि सुनील कुमार शुक्ला ने सोशल मीडिया पर एक साथ कई वीडियो शेयर कर आरोप लगाया था कि ड्यूटी लगाने के नाम पर सिपाहियों से 2,000 रुपये तक वसूल किए जाते हैं. यही नहीं उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि चेन सिस्टम के माध्यम से वसूली ऊपर तक पहुंचाई जाती है. आरोप लगाते हुए सुनील शुक्ला ने आईपीएस अधिकारियों को काला अंग्रेज तक कह कर बुलाया था. इन आरोपों के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच का आदेश दिया था और जांच के बाद गणना कार्यालय से एक दारोगा सहित 12 पुलिसकर्मियों को हटाया गया था. तो वहीं बर्खास्त होने के बाद सुनील शुक्ला ने वीडियो जारी कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है और काले अंग्रेज कहकर सम्बोधित किया है. साथ ही कहा है कि उनको इस कार्रवाई से कोई फर्क नहीं पड़ता है.

वीडियो में देखें क्या बोले सुनील शुक्ला

ये भी पढ़ें-निलम्बित सिपाही की मां का बड़ा बयान…पुलिस विभाग में पैसा वसूली का गम्भीर आरोप लगाने वाले सुनील शुक्ला ने दी चेतावनी- Video