बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह की भव्य सगाई…60 तरह के पकवान, 4 आलीशान मंच और 700 पुलिसकर्मी- Video

November 14, 2026 by No Comments

Share News

Basic Education Minister Sandeep Singhs Engagement Ceremony: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह व उनके भाई सौरभ सिंह की सगाई का आयोजन हुआ. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहे हैं जिसमें साफ दिख रहा है कि करोड़ों रूपए कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए खर्च किए गए हैं. फिलहाल अभी शादी बाकी है. देखना ये है कि उसकी भव्यता कितनी और कैसी होगी?

सोशल मीडिया पर वायरल खबरों के मुताबिक एक लाख से ज्यादा मेहमान इस कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी कार्यक्रम में पहुंचने की सम्भावना है तो वहीं 1000 से अधिक वीआईपी मेहमान कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं. बता दें कि संदीप सिंह पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पोते हैं.

स्कूल में हुई थी पहली मुलाकात

खबरों के मुताबिक, संदीप सिंह और मेघना चौधरी की पहली मुलाकात अलीगढ़ के दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) में उस समय हुई थी जब दोनों यहां पढ़ रहे थे. दोनों की पहली तस्वीर लेमन ट्री होटल की बताई जा रही है. संदीप सिंह के छोटे भाई सौरभ सिंह की सगाई अंतरा त्यागी के साथ हो रही है.

भव्य है आयोजन स्थल

मालूम हो कि रामघाट कल्याण मार्ग पर कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है जो कि करीब 881 फीट चौड़ा और 1033 फीट लंबा बताया जा रहा है. मेहमानों की सुविधा के हिसाब से परिसर को अलग-अलग हिस्सों में बांट दिया गया है. जहां बैठने, भोजन के साथ ही ठहरने की भी व्यवस्था की गई है. पूरे परिसर में चार मंच बनाए गए हैं. इनमें से दो मंच सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए हैं. तो एक मुख्य मंच पर दोनों भाइयों और उनकी होने वाली पत्नी के लिए है और चौथा मंच वीआईपी मेहमानों के लिए सजाया गया है.

इसी के साथ ही वीआईपी और आम मेहमानों के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार भी बनाए गए हैं और उसी हिसाब से बैठने और भोजन की व्यवस्था की गई है. कैनोपी और बुफे गैलरी भी तैयार की गई हैं.

60 व्यंजनों में शामिल है कल्याण सिंह का पसंदीदा कद्दू

बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में करीब 1 लाख से अधिक मेहमानों के हिसाब से भोजन की व्यवस्था की गई है. मेन्यू में करीब 60 तरह के व्यंजन शामिल किए गए हैं. 11 प्रकार की मिठाइयों के साथ ही 11 तरह की सब्जियां भी शामिल की गई हैं तो वहीं खास बात यह है कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह की पसंदीदा कद्दू और आलू की सब्जी भी बनाई जा रही है. सामान्य मेहमानों के भोजन के लिए सात किचन बनाए गए हैं, तो वहीं वीआईपी मेहमानों के लिए अलग किचन की व्यवस्था है. भोजन बनाने के लिए शेफ दिल्ली से आए हैं. करीब एक हजार शेफ के साथ ही सहायक और वेटर लगाए गए हैं.

दिल्ली-मुम्बई से आए कारीगर, सजावट में जुटे 500 कर्मचारी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सजावट और टेंट का काम मुरादाबाद की एक कंपनी को सौपा गया था लेकिन उसने नोएडा की फर्म को जिम्मेदारी सौंप दी थी. दिल्ली, मुंबई और राजस्थान से कारीगरों ने सजावट की है. करीब 500 कर्मचारी आयोजन स्थल को भव्य रूप देने में जुट गए हैं.

मेहमानों को गर्मी न लगे, इसके लिए परिसर में बड़े एयर कंडीशनर, जनरेटर, गोल मेज और मेहमानों की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाएं की गई हैं. ग्रीन रूम के साथ ही वीआईपी कॉटेज,मेडिकल रूम, कंट्रोल एरिया और कर्मचारियों के ठहरने के लिए अलग टेंट बनाया गया है.

पार्किंग और ड्राइवरों के लिए भी भव्य सुविधा

सोशल मीडिया पर वायरल खबरों के मुताबिक, करीब 657 कारों की पार्किंग का बंदोबस्त कार्यक्रम स्थल पर किया गया है तो वहीं ड्राइवरों के लिए लगभग 100×80 फीट का अलग टेंट की व्यवस्था की गई है. तो वहीं लेबर, कर्मचारियों और अन्य स्टाफ के लिए भी अलग व्यवस्थाएं की गई हैं. मंच के आसपास कंट्रोल एरिया और बैरिकेडिंग के साथ फायर सेफ्टी की भी पूरी व्यवस्था की गई है.

तो वहीं वीवीआईपी मूवमेंट और बड़ी संख्या में मेहमानों के आने की वजह से करीब 700 पुलिसकर्मियों को लगाया गया है. डायवर्जन की भी व्यवस्था की गई है. आयोजन स्थल के आस-पास करीब 150 मीटर के दायरे में आने वाले आधा दर्जन से अधिक स्कूलों में आज अवकाश घोषित रहा.

दिल्ली में होगी शादी

बेसिक शिक्षामंत्री संदीप सिंह और मेघना चौधरी की शादी 26 नवंबर को दिल्ली के द लीला होटल में प्रस्तावित है. तो दूसरी ओर 27 नवंबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में रिसेप्शन का आयोजन किया गया है. इन दोनों कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री समेत देश के कई बड़े नेताओं और विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है.फिलहाल शिक्षामंत्री की शादी चर्चा का विषय बनी हुई है.

ये भी पढ़ें-शादी का अनोखा कार्ड, दामाद को डिफेंडर व बेटे को BMW…बेटी के विवाह में पानी की तरह पैसा बहा रहे बाहुबली नेता अनन्त सिंह; जानें कितनी सम्पत्ति?-Video