सीएम योगी ने मां के किए अंतिम दर्शन…नम हुईं आंखें; जानें कब हुई थी आखिरी मुलाकात?

November 20, 2026 by No Comments

Share News

CM Yogi Adityanath’s Mother Passed Away: देव उठनी एकादशी के दिन यानी आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया. जैसे ही सीएम योगी को मां के निधन की खबर मिली वह देर शाम अपने घर पंचूर गांव पहुंचे और मां के अंतिम दर्शन किए. इस दौरान वह भावुक दिखाई दिए और उनकी आंखें नम दिखीं. काफी वक्त तक वह मां के पार्थिव शरीर के पास खड़े उनको निहारते रहे मानों मां के साथ बिताए पलों को वह याद कर रहे हों.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीएम योगी आदित्यनाथ ने परिजनों को माता सावित्री देवी का अंतिम संस्कार कल शनिवार को हरिद्वार के चंडी घाट में होने की बात कही. मालूम हो कि आज यानी 20 नवम्बर को सुबह 11 बजे पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में योगी की मां ने अंतिम सांस ली। वह अपने छोटे बेटे के साथ यहां रहती थीं. उनके निधन की खबर से परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई है तो वहीं सोशल मीडिया पर मंत्री, नेता लगातार श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं.

कब हुई थी आखिरी मुलाकात?

मालूम हो कि इसी साल मई में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां से आखिरी मुलाकात की थी. वह 7 मई को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दौरान पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे और गांव में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था व परिजनों से मुलाकात की थी। फिर 8 मई को अपने पैतृक आवास पहुंचे थे व मां से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया था. उनको क्या पता था कि यही मुलाकात उनकी आखिरी मुलाकात बन कर रह जाएगी. बता दें कि सीएम योगी का अपने पैतृक गांव और परिवार के साथ गहरा जुड़ाव हमेशा से रहा है लेकिन संन्यास लेने के बाद परिवार से उनकी मुलाकातें बहुत ही सीमित हो गईं.

कार्यक्रम किए गए रद्द

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीएम योगी आदित्यनाथ के जो भी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम थे उनको रद्द कर दिया गया है. तो वहीं सोशल मीडिया एक्स पर सीएम योगी ने एक पोस्ट शेयर करते हुए मां के अंतिम दर्शन करने की फोटो शेयर की है और लिखा है, “मां…ॐ शांति”इसके बाद हाथ जोड़ने की इमोजी लगाई है.

ये भी पढ़ें-Devuthani Ekadashi Katha: बात सुनकर नारायण जी मुस्कुराए और बोले…पढ़ें देवउठनी एकादशी की कथा