AI की दैनिक जीवन में क्या है उपयोगिता…? फ्रांस-ब्रिटेन के एक्सपर्ट ने दी बड़ी जानकारी

November 20, 2026 by No Comments

Share News

Lucknow: सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्था नारी सेवा समिति (वर्ष 1933 में स्थापित) कैसरबाग, लखनऊ द्वारा अंतर्राष्ट्रीय संगठन ‘प्रोफेसर्स विदाउट बॉर्डर्स’ (Professors Without Borders) के सहयोग से 16 से 20 नवम्बर 2026 तक आयोजित पाँच दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय कार्यशाला का आज मोना कॉन्वेंट स्कूल के सभागार में समापन एवं प्रमाण-पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया।

समिति की संस्थापिका प्रतिनिधि पिया कृष्णा के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला का विषय “AI for Life & AI Governance and Assessment” था। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence–AI) की आधुनिक तकनीकों, उनके व्यावहारिक उपयोग, जिम्मेदार एवं नैतिक प्रयोग तथा शैक्षणिक मूल्यांकन में AI की बढ़ती भूमिका से परिचित कराना था।

French British expert

इस पाँच दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय कार्यशाला में फ्रांस से पधारीं इमैनुएल लेमार्किस (Emmanuelle Lemarquis) एवं ब्रिटेन से पधारे डॉ. ब्लेसिंग मारेगेरे (Dr. Blessing Maregere) ने विभिन्न प्रशिक्षण सत्रों का संचालन किया। विशेषज्ञों ने नारी सेवा समिति द्वारा संचालित शिक्षण संस्थानों के स्नातकोत्तर महाविद्यालय, विद्यालयों के शिक्षकों तथा विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया।

प्रशिक्षण सत्रों में दैनिक जीवन एवं शिक्षा में AI की उपयोगिता, शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने, शैक्षणिक मूल्यांकन, AI गवर्नेंस तथा तकनीक के नैतिक एवं जिम्मेदार उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष ध्यान दिया गया। विशेषज्ञों ने शिक्षकों को आधुनिक तकनीकों के माध्यम से शिक्षण की गुणवत्ता में सुधार तथा विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

समापन समारोह का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर दोनों अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा किए तथा शिक्षा के क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते महत्व और इसके जिम्मेदार उपयोग पर अपने विचार व्यक्त किए।

समारोह के दौरान पिया कृष्णा, संस्थापिका प्रतिनिधि, नारी सेवा समिति द्वारा अंतर्राष्ट्रीय अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके उपरांत कार्यशाला के प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के अंत में पिया कृष्णा ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

AI Program

कार्यक्रम में बड़ी संख्या ने लोगों ने लिया हिस्सा

इस पाँच दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय कार्यशाला के सफल आयोजन एवं समन्वय में संस्था की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. मीनू शर्मा, समिति की सदस्य प्रो. (डॉ.) विभा अग्निहोत्री, नारी शिक्षा निकेतन स्नातकोत्तर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) सुनीता कुमार, मोना कॉन्वेंट स्कूल की प्राचार्या अल्पना मेहरोत्रा, बाल शिक्षा निकेतन की प्राचार्या रीना पुरी तथा डॉ. रिचा चंद की प्रमुख भूमिका रही। सभी ने कार्यशाला के विभिन्न सत्रों के संचालन, प्रतिभागियों के समन्वय एवं कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

इस अवसर पर नारी सेवा समिति की अध्यक्ष सुमन पुरी, उपाध्यक्ष संजय पट्टनी, नंदिनी पट्टनी एवं डॉ. प्रियंका भार्गव, महासचिव नीरज पाठक तथा कोषाध्यक्ष प्रकाश नारायण भार्गव की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इसके अतिरिक्त नारी सेवा समिति द्वारा संचालित सभी शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थानों के प्राचार्यगण, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने इस अंतर्राष्ट्रीय शैक्षणिक पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा में नवाचार, तकनीकी जागरूकता एवं अंतर्राष्ट्रीय सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया।

यह पाँच दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय कार्यशाला नारी सेवा समिति की शिक्षा में नवाचार, आधुनिक तकनीक के समावेश, शिक्षकों के व्यावसायिक विकास तथा विद्यार्थियों को भविष्य के लिए तैयार करने की प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण उदाहरण है। यह पहल अंतर्राष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के सकारात्मक, प्रभावी एवं जिम्मेदार उपयोग की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।

ये भी पढ़ें-World Heart Day: देर रात तक मोबाइल-लैपटॉप का इस्तेमाल… नाइट शिफ्ट…हृदय रोग को दे सकता है बढ़ावा