Shakuntala University: कॉलेजों में अब समर्थ पोर्टल से होगा प्रवेश…परीक्षा पर नजर रखेगा सीसीटीवी

November 20, 2026 by No Comments

Share News

Shakuntala University: डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय (Dr. Shakuntala Mishra National Rehabilitation University) के संबद्ध कॉलेजों में अगले शैक्षिक सत्र से समर्थ पोर्टल के माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी।

प्रवेश नॉन-सीयूईटी आधार पर किए जाएंगे। इस संबंध में कुलपति आचार्य संजय सिंह ने प्रशासनिक भवन स्थित कुलपति कार्यालय के सेमिनार हॉल में विश्वविद्यालय के संबद्ध कॉलेजों के प्रधानाचार्यों और कोर्स कोऑर्डिनेटर्स के साथ बैठक कर उनको दिशा-निर्देश दिए.

कुलपति आचार्य संजय सिंह ने सभी को सम्बोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में देश के 18 प्रदेशों से विद्यार्थी पढ़ने आ रहे हैं। इसलिए प्रवेश से लेकर परीक्षा तक की प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की जरूरत है। उन्होंने अगले सत्र से समर्थ पोर्टल के जरिए प्रवेश लेने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि परीक्षा फॉर्म भी समर्थ पोर्टल के माध्यम से ही भरे जाएंगे।

सीसीटीवी की होगी नजर

उन्होंने परीक्षा व्यवस्था में बदलाव की जानकारी देते हुए बताया कि कॉलेज के ईमेल पर भेजे गए प्रश्नपत्र पासवर्ड प्रोटेक्टेड होंगे। परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराई जाएंगी। कॉलेजों को आंतरिक अंक समय से पोर्टल पर भरने होंगे। विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति पर भी ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि सभी कोर्स तय समय पर पूरे कराए जाएं।

कुलपति ने शिक्षकों और विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ शोध और दूसरी गतिविधियों में भी भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी एक्स्ट्रा करिकुलर गतिविधियों में हिस्सा लें। शोध पत्र लिखें और रिसर्च से जुड़े काम करें। संबद्ध कॉलेजों के शिक्षक विश्वविद्यालय के प्रोफेसरों के साथ मिलकर शोध कार्य भी कर सकते हैं।

बैठक में कुलसचिव रोहित सिंह ने एजेंडा प्रस्तुत किया। इस दौरान अधिष्ठाता शैक्षणिक प्रो. वीके सिंह, विवि नैक निदेशक प्रो. नागेंद्र यादव, परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार मिश्रा, डॉ. कौशल शर्मा और उप कुलसचिव अनिल मिश्रा सहित विश्वविद्यालय के संबद्ध कॉलेजों के प्रधानाचार्य और कोर्स कोऑर्डिनेटर मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें-फौजी की 22 नवम्बर को होने वाली थी शादी…तिरंगे में लिपटा आया शव; आखिरी बार मां और होने वाली पत्नी से कही थी ये बात-Video