LUCKNOW:दुबग्गा थाने में तैनात सिपाही ने पत्नी को पीटकर की हत्या व शव लटकाया फंदे से, फिर पुलिस को फोन कर कहा, ” पत्नी ने कर ली है आत्महत्या”, फोरेंसिक टीम ने की जांच
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बरावन कला मोहल्ले में शुक्रवार तड़के रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई। ये खबर जंगल में आग की तरह फैली और इसे सुनने के बाद सभी सन्न रह गए। दरअसल दुबग्गा थाने में तैनात सिपाही रिंकू ने 30 वर्षीय पत्नी बृजेश कुमारी को पहले पीटकर हत्या कर दी।
इसके बाद आत्महत्या का रूप देने के लिए पत्नी का शव कमरे के सीखजे से दुपट्टे के सहारे लटका दिया। सनसनीखेज घटना को अंजाम देने के बाद उसने खुद थाने को सूचना दी और रोते-बिलखते हुए कहा कि पत्नी ने आत्महत्या कर ली है। एडीसीपी दक्षिणी राजेश श्रीवास्तव, एसीपी काकोरी आशुतोष कुमार ने फोरेंसिक टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटा लिए हैं।
पूरे मामले को लेकर एडीसीपी दक्षिणी राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि बृजेश कुमारी पुत्री लटूरी लाल मूल रूप से बदायूं उझानी के रामयखेड़ा की रहने वाली थीं। 2015 में उनका विवाह रिंकू के साथ हुआ था। रिंकू दुबग्गा थाने में सिपाही के पद पर तैनात है। वह मूल रूप से संभल के मढैइया बहजोई ठकारी गांव का रहने वाला है। शुक्रवार तड़के रिंकू ने दुबग्गा थाने में फोन कर सूचना दी कि उनकी पत्नी ने आत्महत्या कर ली है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तो शव कमरे में सीखजे से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ था। पैर जमीन पर टिके हुए थे। यह देखते ही अधिकारियों का माथा ठनका। रिंकू से पूछताछ की तो उसने बताया कि तड़के वह ड्यूटी से लौटा तो पत्नी का शव फंदे से उसे लटका मिला। पत्नी ने आत्महत्या की है।
इसके बाद फोरेंसिक टीम बुलाई गई। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मामले की जानकारी बृजेश के परिवारीजन को फोन कर दी गई। उन्होंने छूटते ही कहा कि उनके न आने तक शव को मौके से न हटाया जाए। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर बनी रही। शाम करीब चार बजे बृजेश के पिता लटूरी लाल, मां वरफा देवी और अन्य घरवाले पहुंचे। उन्हें दिखाने के बाद शव को मौके से हटाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। एडीसीपी ने बताया कि बृजेश के पिता लटूरी लाल की तहरीर पर सिपाही रिंकू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। रिंकू से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का नहीं लग रहा है। कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। बृजेश का पांच साल का एक बेटा भी है, जिसका नाम ऋषभ है, जिसे मृतका के मायके वालों को सौंप दिया गया है।