एक नवम्बर से महंगाई की चौतरफा मार…दूध-दही, गैस, शराब सब महंगा…राम मंदिर-बैंक-Fastag के बदले नियम
Inflation Increased: नवंबर की महीना आज से लग गया और पहले ही दिन से देश में बहुत कुछ में बदलाव हो गया. यानी जेब और कटेगी अब. पीएफ भी अधिक कटेगा. यानी वेतन में तो कोई बढ़ोतरी हुई नहीं लेकिन बजट बढ़ गया. अब घरेलू महिलाओं की बढ़ गई और चिंता. तो इस लेख में जान लीजिए कि क्या-क्या महंगा हुआ और किन-किन चीजों के नियम बदल गए.
आज से दिल्ली में GRAP लागू हो गया है तो वहीं कर्नाटक में दूध व दही की कीमतों में उछाल आया है. एलपीजी सिलेंडर पर सब्सिडी के नियम भी आज से बदल गए हैं. तो वहीं सीएनजी भी महंगी हो गई है. पेंशन और बैंकों के नियमों में भी आज से बदलाव हुआ है. फिलहाल राहत की बात ये है कि पूरे देश में ये बदलाव नहीं है. इनमें से कुछ नियम पूरे देश के लिए हैं तो कुछ का असर केवल कुछ खास राज्यों में ही देखने को मिलेगा.
फिर से महंगी हुई सीएनजी
ग्रीन गैस लिमिटेड ने उत्तर प्रदेश में एक नवम्बर से सीएनजी 2.25 रुपए तक महंगी कर दी है. आगरा, लखनऊ, अयोध्या, सुल्तानपुर में एक किलो सीएनजी पर एक रुपया तो वहीं उन्नाव में 2 रुपए 25 पैसे तक बढ़ा दिए गए हैं.
दिल्ली
प्रदूषण से दिल्ली को बचाने के लिए एक नवम्बर से ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) लागू कर दिया गया है. नतीजतन 1 नवम्बर से दिल्ली के बाहर रजिस्टर्ड BS-VI मानकों से नीचे की बसें, कारें, गैर जरूरी माल ढोने वाले ट्रकों की एंट्री पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है. अगर नियमों का उल्लंघन करते हुए एंट्री करते हैं तो 20 हजार तक का चालान हो सकता है और गाड़ी भी जब्त हो सकती है. तो वहीं कई जगहों पर पार्किंग चार्ज भी दोगुना कर दिया गया है. यही नहीं डीजल जनरेटर सेट चलाने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है.
दूध और दही के दाम बढ़े
एक नवम्बर से कर्नाटक में दूध की कीमतों में 8 रुपए प्रति लीटर बढ़ा दिए गए हैं. बढ़ी हुई राशि से 7 रुपए किसानों को और 1 रुपया यूनियनों को दिया जाएगा. तो वहीं एक किलो दही में 14 रुपए तक बढ़ा दिए गए हैं.
10 रुपए महंगी हुई शराब
शराब की सभी बोतलों पर तमिलनाडु सरकार ने 10 रुपए तक बढ़ा दिया है.एक नवम्बर से नई कीमतें लागू हो गई हैं. इसी के साथ ही सरकार ने ये भी शर्त रखी है कि अगर कोई ठेके या शराब की दुकान पर सही हालत में शराब की खाली बोतल वापस करेगा तो उसको से 10 रुपए वापस कर दिए जाएंगे.
क्रेडिट कार्ड के बदले नियम
पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के Visa और RuPay क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वालों के लिए 1 नवंबर से कई चार्ज के नियमों में बदलाव किया जा रहा है. मसलन बिल देर से भरने, कैश निकालने, यूटिलिटी बिल पेमेंट और रिवॉर्ड पॉइंट रिडीम से जुड़े शुल्क को शामिल किया गया हैं. यानी अब रिवॉर्ड पॉइंट रिडीम करने की हर पात्र रिक्वेस्ट पर 99 रुपए का शुल्क लगेगा. तो दूसरी ओर एक बिलिंग साइकल में 50000 रुपए से अधिक के यूटिलिटी बिल पेमेंट पर 1 प्रतिशत शुल्क लग सकता है जिसकी सीमा प्रति ट्रांजैक्शन 2,000 रुपए तक होगी. तो इसके बाद टैक्स अलग से देना होगा. तो वहीं एसबीआई ने भी क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने पर नए चार्ज को जोड़ दिया है.
अब नया बिजली कनेक्शन लेना हो गया महंगा
एक नवम्बर से उत्तराखंड में नया बिजली कनेक्शन लेना महंगा हो गया है. UERC ने BPL और सामान्य उपभोक्ताओं का सर्विस लाइन चार्ज बढ़ा दिया गया है तो वहीं प्रीपेड मीटर ग्राहकों को फिलहाल राहत दी गई है. BPL कार्डधारकों को अब 100 नहीं बल्कि 150 रुपए देना होगा.
स्मार्ट मीटर के बिना नहीं मिलेगा नया कनेक्शन
एक नवम्बर से बिहार में बिना स्मार्ट मीटर के नया कनेक्शन नहीं मिलेगा.यहां अब 150 किलोवाट तक के सभी नए कनेक्शनों पर स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने का निर्णय लिया गया है.तो वहीं नए कनेक्शन पर कितना चार्ज वसूला जाएगा, वह इस बात पर निर्भर करेगा कि उपभोक्ता किस फेज का कनेक्शन ले रहा है.
बदले पेंशनर्स के नियम
सरकारी पेंशनर्स के भी नियम बदल दिए गए हैं. अब 80 साल से कम उम्र के पेंशनर्स 1 नवंबर से अपना सालाना जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकेंगे. इसको जमा करने की आखिरी तारीख 30 नवंबर 2026 रखी गई है. अगर नियम के तहत नहीं चलेंगे तो पेंशन रुक सकती है. बता दें कि एक अक्तूबर से ही 80 साल या उससे अधिक उम्र के पेंशनर्स के लिए ये नियम 1 अक्टूबर से लागू किया जा चुका है.
GST के नियम भी बदले
GST से जुड़े कुछ प्रावधान भी एक नवम्बर से बदल दिए गए हैं. यानी क्रेडिट नोट,बिक्री के बाद दिए जाने वाले डिस्काउंट और टैक्स रिफंड प्रोसेस में बदलाव देखने को मिलेगा. इस तरह से कारोबारियों को कुछ मामलों में बिक्री के बाद दिए गए डिस्काउंट का हिसाब करने और इनवर्टेड ड्यूटी स्ट्रक्चर में प्रोविजनल रिफंड लेने में कुछ राहत मिल सकती है.
अब अनजान कॉलर का भी दिखेगा नाम
अब देश में CNAP सुविधा लागू है जिससे कि अगर कोई अनजान भी आपको फोन करता है तो अब उसका नाम मोबाइल स्क्रीन पर दिखेगा. हालांकि ये कुछ दिनों पहले से ही शुरू हो चुका है. इस सुविधा से आपकोअनजान नंबर से आने वाली कॉल की पहचान आसानी से हो सकेगी. यानी टेलीकॉम कंपनी के रिकॉर्ड में जो नाम दर्ज होगा, वो नाम दिखेगा. हालांकि ये सुविधा हर किसी को नहीं बल्कि नेटवर्क और ऑपरेटर के हिसाब से लागू होगी. इसलिए ये भी जरूरी नहीं कि इस सुविधा का हर किसी को लाभ मिल ही सके.
ITR की डेडलाइन हुई ये
जिस किसी भी टैक्सपेयर्स के खातों का टैक्स ऑडिट होनी जरूरी है, उनके लिए असेसमेंट ईयर 2026-27 का इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल करने की तारीख को बढ़ाकर 21 नवंबर 2026 कर दिया गया है लेकिन ये राहत सभी टैक्सपेयर्स के लिए नहीं है. यानी जो आम सैलरीड लोग हैं या उन लोगों के लिए, जिनके खातों का ऑडिट जरूरी नहीं है, उनके लिए ये नई तारीख अपने आप लागू नहीं होगी.
FASTag के एनुअल पास में मिलेगी छूट
एक नवम्बर से टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय निवासियों के लिए सालाना लोकल फास्टैग पास की व्यवस्था भी लागू हो रही है. यानी फीस की अगर बात करें तो टोल प्लाजा किसी नगर पालिका या स्थानीय नगर सीमा से बाहर है तो फिर सालाना पास की फीस 1,500 रुपए होगी और अगर नगर पालिका या स्थानीय नगर सीमा के अंदर है तो 3000 रुपए तक होगी.
इंटरनेशनल Digi Yatra आज से शुरू
देश के 8 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट्स पर यात्रियों के लिए ‘डिजी यात्रा’ का ट्रायल आज यानी एक नवम्बरसे शुरू हो गया है. अभी यह सुविधा एयर इंडिया और इंडिगो की चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर ही लागू होगी. डिजी यात्रा से एयरपोर्ट पर एंट्री और सिक्योरिटी चेक जैसी प्रक्रियाओं में भी आसानी देखने को मिलेगी.
यूपी में एक्सप्रेसवे के लिए बदला ये नियम
एक नवम्बर से उत्तर प्रदेश एक्सप्रसेवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने सभी एक्सप्रेसवे पर स्पीड लिमिट को घटा दिया है. यानी अब भारी वाहनों की स्पीड लिमिट 80 नहीं हो सकेगी. इसे घटाकर 60 कर दिया गया है तो दूसरी ओर हल्के मोटर वाहनों मसलन कार और जीप आदि की स्पीड लिमिट 100 से घटाकर 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक कर दी गई है. सर्दी में कोहरे को देखते हुए ये फैसला किया गया है.
राम मंदिर में बदल गया पूजा का समय
अयोध्या के राम मंदिर में एक नवम्बर से पूजा का समय भी बदल दिया गया है. यानी पट अब सुबह 4 बजे खुलेंगे और रात 10 बजे बंद होंगे. सुबह 4:30 से 4:40 बजे तक मंगला आरती होगी. तो वहीं सुबह 7 बजे से श्रद्धालुओं के लिए रामलला के दर्शन शुरू होंगे.
ताज एक्सप्रेस ट्रेन का स्टेशन भी बदला गया
एक नवम्बर से दिल्ली में रेलवे ने ताज एक्सप्रेस के शुरुआती और अंतिम स्टेशन में बदलाव कर दिया है. ये ट्रेन अभी नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से चलाई जाती है, लेकिन अब इसे हजरत निजामुद्दीन से संचालित किया जाएगा.
एलपीजी सिलेंडर
प्रत्येक माह की पहली तारीख को तेल कंपनियां LPG सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं. माना जा रहा है कि 1 नवंबर से भी घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर के दामों में बदलाव देखने को मिल सकता है. मालूम हो कि घरेलू 14.2 किलो सिलेंडर का इस्तेमाल घरों में खाना बनाने के लिए होता है, तो वहीं 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर होटल, रेस्टोरेंट और दूसरे कारोबारों के लिए इस्तेमाल किया जाता है.
पेट्रोल-डीजल के भी बदल गए दाम
मालूम हो कि एक बार फिर से पेट्रोल-डीजल के दाम में बढ़ोतरी हुई है. माना जा रहा है कि 1 नवंबर को भी पेट्रोल और डीजल के दामों को लेकर बड़ा अपडेट सामने आ सकता है. चूंकि अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमत के साथ ही रुपए की स्थिति और कंपनियों के निर्णय जैसे कारक ईंधन की कीमतों को प्रभावित करते हैं. इसलिए नई दरों के लिए ऑफिशियल घोषणा का अभी इंतजार है. बता दें कि हर महीने की शुरुआत में तेल कंपनियां ईंधन की कीमतों की समीक्षा करती हैं.