Bakrid-2022: दिल्ली की जामा मस्जिद इलाके में लगी बकरों की बाजार, 2 लाख रुपए का बिका बकरा, उत्तर प्रदेश में बदमाश लूट ले गए 10 लाख रुपए के बकरे
बकरीद रविवार (10 जुलाई) को पड़ रही है। इसको लेकर देश भर में बकरों की बाजार लगाई गई है। इसी बीच दिल्ली की जामा मस्जिद के इलाके में लगने वाले बकरों की बाजार में सबसे ऊंची बोली लगाई जा रही है। यहां एक बकरा दो लाख की कीमत की बिका है। तो वहीं कर्नाटक में भी बड़े स्तर पर बकरों की बाजार लगी हुई है। तो वहीं उत्तर प्रदेश के एक जिले में करीब तीन दर्जन से अधिक बकरों से भरा पिकअप लूट लिया गया है।
एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक देश की राजधानी दिल्ली की जामा मस्जिद क्षेत्र के बाजार में बकरीद की तैयारी जोरों पर चल रही है। यहां की बाजार से एक एक विक्रेता ने बताया कि उसने सबसे ज्यादा महंगा बकरा खरीदा है, जिसकी कीमत 2 लाख रुपए है। इसी तरह कर्नाटक के बेंगलुरु में भी बकरीद की तैयारियां चल रही हैं। लोग बकरी और भेड़ की खरीदारी करने के लिए चामराजपेट पहुंचे हैं। यहां भी बड़े स्तर पर बकरों की बाजार लगाई गई है। तो दूसरी ओर उत्तर प्रदेश के फतेहपुर से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां 40 बकरों से भरे एक पिकअप को बदमाशों ने असलहे की दम पर लूट लिया है। दो दिन पहले घटी इस घटना के बारे में सूचना सामने आई है कि पिकअप में करीब 10 लाख रुपए से अधिक के बकरे थे। इस मामले में थरवई थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
इस मामले में फतेहपुर के हथगांव लाडले गांव के मो. इमरान पुत्र यूसुफ, जो कि बकरों की खरीद फरोख्त करते हैं, ने बताया कि बुधवार रात इमरान और उनके तीन साथियों ने पिकअप में 40 बकरे लादे और ड्राइवर के साथ चारों बकरा लेकर वाराणसी बकरा मंडी जाने को निकले। रात तकरीबन ढाई बजे हाईवे पर थरवई थाना क्षेत्र के बसमहुआ गांव के पास तीन बाइकों से पीछे लगे सात आठ बदमाशों ने ओवरटेक कर गाड़ी रोक ली। इसके बाद पिस्टल, तमंचा सटाकर चारों को नीचे उतार लिया। बदमाशों ने कारोबारियों के मोबाइल, रुपये छीन लिए। दो बदमाश पिकअप में सवार हो गए बकरे से भरी गाड़ी लेकर वाराणसी की तरफ चले गए। बाकी बदमाश गोली मारने की धमकी देकर निकल भागे। इसके बाद रात में चारों लोग पैदल ही टोल प्लाजा तक पहुंचे और फिर पुलिस को सूचना दी। पुलिस जांच को पहुंची लेकिन वहां कुछ नहीं मिला। इमरान की तहरीर पर थरवई थाने में केस दर्ज हुआ है। (फोटो एएनआई से ली गई है)