Rajasthan:एक युवती को पेड़ में बांधकर मारने का वीडियो हुआ वायरल, महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा राजस्थान में खत्म हुआ कानून का डर, मामले को लेकर भाजपा-कांग्रेस में जुबानी जंग हुई तेज
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि कुछ लोग एक युवती को पेड़ से बांध कर बुरी तरह से मार रहे हैं। इस वीडियो को लेकर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाती मालीवाल ने ट्वीट करते हुए जानकारी दी है कि यह वीडियो राजस्थान के बांसवाड़ा का है। जहां एक लड़की को पेड़ से बांधकर बुरी तरह से पीटने का वीडियो सामने आया है। उन्होंने कहा कि कानून का डर यहां बिल्कुल खत्म हो गया है क्या। इसी के साथ उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को भी यह वीडियो टैग किया है और कहा है कि इस पर कड़ी कार्यवाही करें।
तो वहीं ट्विटर पर ही इस मामले में कार्रवाई करने की जानकारी बांसवाड़ा पुलिस ने दी है और ट्विट करते हुए लिखा है कि उक्त घटना में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान जारी है और मुल्जिमानों की गिरफ्तारी हो चुकी है। फिलहाल ये सामने नहीं आ सका है कि किस वजह से युवती की पिटाई की जा रही थी और कौन लोग थे जिन्होंने युवती को इतनी बेरहमी से मारा, लेकिन मामले का वीडियो वायरल होने के बाद लोग कांग्रेस शासित प्रदेश में हुई इस घटना पर प्रियंका गांधी को आड़े हाथ ले रहे हैं। लोगों का कहना है कि लड़की हूं लड़ सकती हूं का नारा लगाने वाली प्रियंका गांधी अपने शासित प्रदेश में हुई युवती के साथ इस तरह की घटना पर चुप क्यों हैं। फिलहाल इस पूरे मामले पर राजनीति गरमा गई है और भाजपा व कांग्रेस में जुबानी जंग तेज हो गई है।