UP News: मजे में हैं यूपी भारत स्काउट और गाइड के बच्चों का हक मारने वाले भ्रष्टाचारी, विरोध करने वालों पर हो रही कार्यवाही, दो को हटाया गया पद से, शिक्षकों ने फूंका संघर्ष का बिगुल, देखें वीडियो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश भारत स्काउट और गाइड में व्याप्त भ्रष्टाचार, अनियमितताओं तथा सेवा भाव से कार्य करने वाले पदाधिकारियों के विरुद्ध अब प्रतिशोधवश कार्यवाही भी शुरू कर दी गई है। इसके विरोध में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने संघर्ष का बिगुल फूंक दिया है। इसको लेकर शुक्रवार को एक आपात बैठक बुलाई गई और इस सम्बंध में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
जिलाध्यक्ष डा. आरके त्रिवेदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को क्वीन्स इण्टर कालेज में सम्पन्न जिला कार्यकारिणी की बैठक में स्काउट/गाइड की प्रादेशिक संस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं की प्रादेशिक अध्यक्ष से शिकायत करने वाले सन्तोष कुमार दीक्षित तथा टीपी सिंह को मनमाने तरीके से सहायक प्रादेशिक कमिश्नर के पद से हटा दिये जाने पर आक्रोश व्यक्त किया गया और यह भी निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही जिला संगठन संघर्ष कार्यक्रमों का निर्धारण कर संघर्ष करेगा।
बैठक को सम्बोधित करते हुए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेशीय मंत्री एवं प्रवक्ता डा. आरपी मिश्र ने आश्चर्य व्यक्त किया कि स्काउट/गाइड में निःस्वार्थ भाव से सेवा करने वालों को हटाया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर स्कूल गेम्स फेडरेशन आफ इन्डिया के सचिव रहते हुए करोड़ों का फर्जीवाड़ा करने वाले स्टेट कमिश्नर राजेश मिश्र के विरु़द्ध शिकायत किए जाने के बाद भी कोई कार्यवाही नही जा रही है।
संगठन के जिलाध्यक्ष डा. आरके त्रिवेदी एवं जिलामंत्री महेश चन्द्र ने बताया कि विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र एवं छात्राओं से स्काउट/गाइड शुल्क तथा राज्य सरकार के अनुदान से करोड़ों रुपये की धनराशि प्राप्त होती है, जिसका व्यय छात्र/छात्राओं के प्रशिक्षण तथा जनकल्याण में न कर व्यक्तिगत तथा व्यवसायिक कार्यां के लिए उपयोग में लाया जा रहा है। इतना ही नही मुख्यायुक्त द्वारा नोएडा से लखनऊ आवागमन तथा प्रवास आदि में लाखों रुपये खर्च किए जा रहे है जबकि स्काउटिंग सेवाभाव एवं मितव्ययिता सिखाता है।
शिक्षक नेताओं ने बताया कि मुख्यायुक्त को भ्रष्टाचार के गम्भीर आरोपी स्टेट कमिश्नर राजेश मिश्र सलाह देते है जिससे मुख्यायुक्त भी अपरोक्ष रुप से भ्रष्टाचार में सम्मिलित हो रहे हैं। अब स्काउट और गाइड अपने मूल उद्देश्य से भटक गया है और इसीलिए छात्र/छात्राओं के प्रशिक्षण आदि पर जोर न देकर व्यवसायिक दृष्टिकोण के कारण प्रयागराज का प्रशिक्षण केन्द्र किराये पर दे दिया गया है तथा शीतलाखेत स्थित प्रशिक्षण केन्द्र को अब गेस्ट हाउस का रुप दिया जा रहा है।
इस मौके पर प्रदेशीय मंत्री नरेन्द्र कुमार वर्मा, राज्य परिषद सदस्य सुमन लता, अनुराग मिश्र, डा पीके पन्त, चन्द्र प्रकाश शुक्ल, इनायतुल्लाह खां, जिलामंत्री महेश चन्द्र, कोषाध्यक्ष विश्वजीत सिंह, आय-व्यय निरीक्षक मीता श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष डा. श्रीकान्त मणि, मन्जू चौधरी, आलोक पाठक, सुनील श्रीवास्तव, लखनऊ क्रिश्चियन इण्टर कालेज के प्रधानाचार्य नवीन प्रकाश मसीह, आजाद मसीह, सुमित अजय दास, डी.बी मिश्र, विनीत तिवारी, मनोज कुमार, अखिलेश त्रिपाठी, रजनेश शुक्ल, विनीता श्रीवास्तव, रश्मि सक्सेना, शैलजा गुप्ता, प्रीति वर्मा, रश्मि उपाध्याय, वीरेन्द्र त्रिपाठी आदि प्रमुख रुप से उपस्थित थे।