UP Basic Shiksha: बेसिक स्कूलों के पुरुष और महिला टीचर्स के बीच हुआ कबड्डी मैच! वायरल हुआ वीडियो, देखें कौन जीता, जानें पूरा मामला और किसने वायरल किया वीडियो
लखनऊ। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दिखाई दे रहा है कि एक तरफ पुरुष खड़े हैं और एक तरफ महिलाएं खड़ी हैं। बताया जा रहा है कि बेसिक स्कूलों के शिक्षक व शिक्षिकाओं के बीच कबड्डी का मैच कराया गया है। वीडियो में एक शख्स बोलते हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह शख्स उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के जिला व्यायाम शिक्षक विकास तिवारी हैं। विकास तिवारी कहते दिख रहे हैं कि पुरुष की जो टीम फाइनल मैच जीतेगी वह टीम महिलाओं के साथ कबड्डी मैच खेलेगी।
विकास तिवारी जैसे ही इस बात की घोषणा करते हैं, उपस्थित लोग ठहाके लगाकर हंसने लगते हैं। इस मौके पर विकास तिवारी यह भी कह रहे हैं कि ये खेल है। इसे खेल भावना से खेलें। ये एक अच्छा संदेश है। इसी के साथ वह यह भी कह रहे हैं कि आगे के भी खेलों में महिलाओं को बुलाया जाएगा। इससे हम लोगों को ऊर्जा मिलती है। तो वहीं वीडियो बनाने वाला शख्स कह रहा है कि देखो कैसे लोग मौज ले रहे हैं। बत्तमीजी कर रहे हैं। फिलहाल महिलाओं के साथ मैच हुआ या नहीं, इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। जिले के शिक्षकों व शिक्षक नेताओं ने इसका विरोध किया है और जिला व्यायाम शिक्षक विकास तिवारी के खिलाफ विभाग से शिकायत करने की भी बात कही है। शिक्षकों ने कहा है कि यह महिलाओं की गरिमा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। फिलहाल इस पूरी घटना के वायरल वीडियो को लेकर खबरस्टिंग किसी तरह की पुष्टि नहीं करता है।
देखें क्या है पूरा मामला
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के सहसंयोजक व कबड्डी मैच के भीतरगांव चैम्पियन राजेश यादव ने बताया कि यह खेल प्रतियोगिता खेल दिवस (29 अगस्त) से हो रही है। आज महिलाओं की सिंगल टीम बिल्हौर विकास खंड से प्रतियोगिता में पहुंची थी। इस तरह से कुल 9 टीमों ने हिस्सा लिया। ककवन और नगर क्षेत्र से किसी ने भी हिस्सा नहीं लिया। चूंकि महिलाओं की सिंगल टीम थी, इसलिए पहले ये बात कही गई कि महिलाओं को पुरुषों के साथ खिलाया जाएगा, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। दरअसल शिक्षकों को बदनाम करने के लिए एक बाहरी व्यक्ति ने ये पूरा साजिश रची है। हुआ ये कि बिल्हौर पुरुषों की टीम में एक बाहरी व्यक्ति को बुला लिया गया था, जो कि शिक्षक नहीं था। जब इस बात की जानकारी हुई तो बिल्हौर की टीम को डिसक्वालीफाई कर दिया गया। इसी का बदला लेने के लिए बाहरी व्यक्ति ने वीडियो बनाकर गलत तरीके से वायरल कर दिया। प्रतियोगिता शनिवार को डीपीएस मेहरबान सिंह का पुरवा में किया गया।