Lucknow: होटल 9 जस्ट इन में युवती की मौत, दो दिन से रुकी थी कथित भाई और प्रेमी के साथ, हत्या की आशंका, मैनेजर ने बताई चौंकाने वाली बात

September 13, 2022 by No Comments

Share News

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बांसमंडी स्थित होटल 9 जस्ट इन में दो दिन से प्रेमी और कथित भाई के साथ रुकी युवती की संदिग्ध हालात में मंगलवार सुबह मौत हो गई। वह होटल में दो दिन से प्रेमी और कथित भाई के साथ रुकी थी। घटना के बाद युवती का कथित भाई मौके भाग निकला। पुलिस ने प्रेमी को हिरासत में ले लिया है। इस मामले में युवती की हत्या की आशंका जताई जा रही है। इस पूरे मामले पर एडीसीपी पश्चिम चिरंजीव नाथ सिन्हा का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

देखें क्या बताया मैनेजर ने
होटल में युवती के बैग से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान चंद्रा त्रिपाठी गुरुद्वारा रोड बासमंडी के रूप में की गई है। इस सम्बंध में होटल के मैनेजर ने बताया कि युवती रविवार को सुशांत गोल्फ सिटी में रहने वाले दोस्त नितिन द्विवेदी के साथ आयी थी। यहां कमरा नंबर 901 में रुकी थी। सोमवार शाम सुल्तानपुर में रहने वाला युवती का कथित भाई आ गया। उसने भाई होने का दावा किया। इसके बाद युवती उसके साथ कमरा नंबर 924 में रुकने चली गई। प्रेमी 901 और कथित भाई 924 कमरा नंबर में रुका था।

मंगलवार सुबह प्रेमी नितिन द्विवेदी ने चंद्रा को फोन किया तो फोन रिसीव नहीं हुआ। कई बार फोन किया तो उसके कथित भाई ने रिसीव किया। नितिन ने चंद्रा के बारे में पूछा तो कथित भाई ने बताया कि वह बाथरुम में है और उसने खुद को अंदर बंद कर रखा है। यह सुनते ही प्रेमी नितिन कमरे में पहुंचा। कथित भाई नहीं मिला। नितिन ने दरवाजा खोलने की कोशिश की पर सफलता नहीं मिली। इस पर होटल स्टाफ को बुलाया गया। पुलिस पहुंची दरवाजा तोड़ा गया। बाथरूम में चंद्रा का शव पड़ा मिला।

फिलहाल इस मामले में नितिन को हिरासत में ले लिया गया है। फोरेंसिक टीम मौके की पड़ताल कर रही है। एडीसीपी ने बताया कि कथित भाई की तलाश की जा रही है। पड़ताल में पता चला कि चंद्रा के परिवार में कोई नहीं है। वह इंद्रानगर में एक पेइंग गेस्ट हॉस्टल में रहती है। हालांकि पूरे मामले को लेकर पुलिस ने प्रेमी नितिन को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।