Ranchi News: परिषदीय स्कूल में रोज हाजिरी देने पहुंच रहा एक लंगूर बंदर, बच्चों के साथ अटैंड कर करा क्लास, बैठता है आगे की टेबल पर, वायरल हुआ अनोखा वीडियो
रांची। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दिखाई दे रहा है कि शिक्षक पढ़ा रहे हैं और बच्चों के बीच में ही आगे की टेबल पर एक लंगूर बंदर बैठा हुआ है और वह भी ध्यान से सब कुछ सुन रहा है।
यह वीडियो हजारीबाग जिले के चौपारण प्रखंड के दनुआ स्थित राजकीय उच्च विद्यालय का बताया जा रहा है, जहां एक लंगूर एक हफ्ते से विद्यार्थियों के साथ प्रतिदिन कक्षा ज्वाइन कर रहा है। लंगूर की गतिविधियों को लेकर सभी के बीच कौतुहल बना हुआ है। इस सम्बंध में स्कूल के प्रधानाध्यापक रतन वर्मा ने मीडिया को बताया कि वह सुबह नौ बजे स्कूल खुलते ही विद्यालय परिसर में पहुंच जाता है और स्कूल बंद होने के बाद ही निकलता है।
एक हफ्ते पहले वह अचानक कक्षा 9 की में घुस गया। इस पर बच्चे डर गए, लेकिन उसने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया और बैठा रहा। भगाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं गया। इस मामले की सूचना भी वन विभाग को दी गई। इस पर टीम आई भी लेकिन लंगूर बंदर को नहीं पकड़ सकी।
हालांकि इस बात की जानकारी सामने नहीं आ सकी है कि यह बंदर क्यों क्लास में आ रहा है। कुछ खाने के लालच में स्कूल आता है या फिर किसी बच्चे से कोई लगाव है इसका। हालांकि अभी तक बंदर ने किसी को कोई चोट नहीं पहुंचाई है, लेकिन शिक्षकों को इस बात की चिंता लगातार बनी हुई है कि कहीं यह बच्चे को कोई चोट न पहुंचा दे। फिलहाल यह वीडियो लोगों के बीच खासा चर्चा का विषय बना हुआ है।