Lucknow: नवरात्र के शुभ दिन पर बदल दिया गया बर्लिंगटन चौराहे का नाम, अब कहें अशोक सिंघल चौराहा, देखें वीडियो, जानें राजधानी के और किन-किन चौराहों के बदल दिए गए हैं नाम
लखनऊ। नवरात्र पर्व की प्रतिपदा के शुभ अवसर पर लखनऊ के बर्लिंगटन चौराहे का नाम बदल कर अशोक सिंघल चौराहा कर दिया गया है। सोमवार को इसका लोकार्पण किया गया।
हाल ही में नगर निगम लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया की अध्यक्षता में कार्यकारिणी द्वारा महानगर के 17 चौराहों का नाम परिवर्तन किया गया है। उसी घोषणा को मूर्त रूप देने के लिए आज पूर्वाह्न 11 बजे अशोक सिंघल चौराहे पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मेयर संयुक्ता भाटिया और श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चम्पत राय ने अशोक सिंघल चौराहे का लोकार्पण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर संयुक्ता भाटिया ने की।
महापौर संयुक्ता भाटिया ने बताया कि हजरतगंज का नामकरण अटल चौक पहले ही किया जा चुका है। बर्लिंगटन चौराहे को लम्बे समय से अंग्रेजी काल की दासता का प्रतीक माना जाता रहा है। इससे मुक्ति के लिए अनेक संगठन बहुत बार माँग करते रहे हैं। महापौर ने आगे बताया कि विश्व हिन्दू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष रहे अशोक सिंघल इसी चौराहे के निकट स्थित भार्गव निवास में प्रायः रुका करते थे। स्वर्गीय पुरुषोत्तम भार्गव उनके घनिष्ठ मित्र थे। महापौर संयुक्ता भाटिया ने कहा कि दासता का प्रतीक रहा है बर्लिंगटन चौराहा। इसीलिए इसका नाम बदलना जरूरी था। बता दें कि हिंदू हृदय सम्राट अशोक सिंघल 20 वर्षों से हिंदू संगठन विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और अयोध्या राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रभारी थे।
इस अवसर पर RSS के सह सरकार्यवाह डॉ कृष्ण गोपाल, RSS के क्षेत्र प्रचारक अनिल, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या, अभिनव भार्गव, पार्षद हर्षित दीक्षित, पूर्व मंत्री गोपाल टण्डन, लखनऊ महानगर के भाजपा अध्यक्ष मुकेश शर्मा, पार्षद रजनीश गुप्ता, विहिप के प्रदेश अध्यक्ष कन्हैया लाल नगीना, महिला मोर्चा की क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष रेशु भाटिया, विहिप लखनऊ के महामंत्री देवेन्द्र मिश्र आदि मौजूद रहे।
इन चौराहों, पार्कों व स्थलों के बदल दिए गए नाम
सर्वोदय नगर में महापौर के निर्देश पर बने द्वार का नामकरण “स्वत्रवीर विनायक दामोदर सावरकर द्वार” किया गया।
सिकंदराबाद चौराहे का नामकरण वीरांगना उदादेवी वार्ड किया गया।
मिल एरिया पुलिस चौकी से मीना बेकरी चौराहा का नामकरण इंडियन शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के संस्थापक एवं पूर्व अध्यक्ष मौलाना मिर्जा मोहम्मद अतहर के नाम किया गया।
विराम खण्ड राम भवन चौराहा का नामकरण “अमर शहीद मेजर कमल कालिया चौराहा” किया गया।
संजय गांधीपुरम चौराहे के नामकरण चन्द्रशेखर आजाद चौराहा किया गया।
आलमबाग के टेढी पुलिया तिराहे का नामकरण “खालसा चौक” किया गया।
सरोजनीनगर के आजाद नगर कॉलोनी में पार्क का नाम “मंगल पांडेय पार्क” किया गया।
राजाजीपुरम स्थित मिनी स्टेडियम का नाम पूर्व विधायक सुरेश श्रीवास्तव स्टेडियम के नाम पर किया गया।
लालबाग स्थित महाराजा सुहेलदेव राजभर की प्रतिमा के पास के चौराहे के नामकरण सुहेलदेव राजभर तिराहा किया गया।
आशियाना के मदारी खेड़ा के बगल में स्थित ग्रीन बेल्ट को विकसित कर पूर्व विधायक स्वर्गीय सतीश भाटिया के नाम पर करने का प्रस्ताव पास किया गया।
पिकैडेली होटल कानपुर रोड से आशियाना पावर हाउस तक मार्ग का नामकरण “दिगम्बर जैन मंदिर” किया गया।
निराला नगर लाल कॉलोनी स्थित तिकोनिया पार्क का नाम श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर कर पार्क में प्रतिमा स्थापना करने का प्रस्ताव पास किया गया। आशियान स्थित एमएम डी1/237 दर्शन सिंह के घर के सामने पार्क का नाम गुरु नानक पार्क किया गया।
आशियाना स्थित एसएस1/1163 संतोष त्रिपाठी के घर के सामने पार्क का नाम सरदार उधम सिंह किया गया।
एमएमडी/253 के सामने स्थित पार्क का नामकरन दशमेश पार्क किया गया।
मोहन भोग चौराहे से कोठारी बंधु तक सड़क का नामकरण कल्याणेश्वर हनुमान मंदिर मार्ग किया गया।
आवास सेवा सदन 18 पुराना किला के सामने पार्क का नामकरण 6 बार के विधायक रहे स्वर्गीय मैनेजर सिंह स्मृति पार्क किया गया।
यहां देखें वीडियो