PFI के खिलाफ NIA की बड़ी कार्रवाई, दिल्ली समेत 8 राज्यों में ताबड़तोड़ छापेमारी, 30 गिरफ्तार, 200 हिरासत में, महाराष्ट्र डिप्टी सीएम ने कहा, “पीएफआई देश को कर रही खोखला”, यूपी के 26 जिलों से 57 गिरफ्तार, महाराष्ट्र में पीएफआई का विरोध प्रदर्शन, देखें तस्वीरें
नई दिल्ली। पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) के खिलाफ NIA ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए देश भर के 8 राज्यों में ताबड़तोड़ छापेमारी की है, जिसमें 30 को गिरफ्तार कर लिया है और करीब 200 को हिरासत में लिया है। वहीं एनआईए ने लखनऊ के बीकेटी के अचरामऊ से पीएफआई से जुड़े 7 लोगों को हिरासत में लिया है। इटौंजा से भी एक के हिरासत में लेने की सूचना सामने आ रही है।
हाल ही में पीएफआई के सदस्यों ने मुम्बई में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए थे। तो वहीं हाल ही में NIA की टीम ने देख के कई राज्य़ों से आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है, जिनका जुड़ाव पीएफआई से बताया जा रहा है। इसी के साथ गिरफ्तार आतंकियों ने पीएफआई के खिलाफ तमाम बड़े खुलासे भी किए हैं। इसी के बाद से एनआईए ने पीएफआई के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए राजधानी दिल्ली सहित 8 राज्यों में दबिश दी है और सैकड़ों PFI कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। दिल्ली पुलिस ने आज सुबह 30 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है और करीब 200 लोगों को हिरासत में लिया है। इससे पहले NIA और ED ने 13 राज्यों में छापेमारी की थी और 100 से ज्यादा PFI कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था।
मध्यप्रदेश, असम, महाराष्ट्र और कर्नाटक में मंगलवार को इसी तरह की छापेमारी में पीएफआई के कई कार्यकर्ताओं तथा नेताओं को गिरफ्तार किया गया या हिरासत में लिया गया है। दिल्ली के निजामुद्दीन, शाहीन बाग इलाके सहित दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में PFI से जुड़े स्थानों पर केंद्रीय एजेंसी और दिल्ली पुलिस द्वारा संयुक्त छापेमारी चल रही है। 30 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। सभी से कड़ी पूछताछ की जा रही है। ओखला जामिया नगर में धारा 144 लगा दी गई है। ये 19 सितंबर से 11 नवंबर तक रहेगी।
दिल्ली पुलिस की जनसंपर्क अधिकारी (PRO) सुमन नलवा ने PFI के खिलाफ इस संयुक्त कार्रवाई की पुष्टि करते हुए मीडिया को जानकारी दी कि 30 लोगों को अभी तक हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है क्योंकि जांच अभी जारी है।
मध्य प्रदेश में की गई सबसे बड़ी कार्रवाई
पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) पर मध्यप्रदेश पुलिस ने सबसे बड़ी कार्रवाई की है। यहां के 8 जिलों से 21 लोगों को गिरफ्तार किया है। पूर्व में हुई गिरफ्तारी के बाद मिली लीड के आधार पर ये कार्रवाई की गई है।
पुणे से 6 हिरासत में
पुणे से 6 को हिरासत में लिया गया है। इन सभी के तार PFI और SDPI से जुड़े हुए हैं। पुलिस इन सभी से पूछताछ कर रही है। जिनको हिरासत में लिया गया है, उनमें से कुछ आज शाम 4 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करने वाले थे। SDPI इस पीसी में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के कथित नारे को लेकर पुलिस द्वारा कार्रवाई का मुद्दा उठाने वाली थी। लेकिन पीसी के पहले ही इन्हे हिरासत में ले लिया गया।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक एनआईए, पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां 8 राज्यों में छापेमारी कर रही हैं। असम से 7 पीएफआई नेताओं को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, कर्नाटक में 45 सदस्यों को हिरासत में लिया गया है। इन्हें स्थानीय तहसीलदार के सामने पेश किया जाएगा और न्यायिक हिरासत की मांग की जाएगी। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार या हिरासत में लिए गए इन पीएफआई नेताओं ने या तो एनआईए को रोकने की कोशिश की और पहले विरोध प्रदर्शन किए थे या स्थानीय स्तर पर तनाव बढ़ाया था।
वहीं पीएफआई को लेकर एएनआई को दिए बयान में महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से चल रही तफ्तीश में जो तथ्य सामने आए हैं उसके आधार पर छापेमारी की जा रही है। मैं किसी के उपर ठीकरा नहीं फोड़ना चाहता लेकिन उनका (PFI) जो काम था वे समाज में दरार पैदा करके देश को खोखला कर रहे थे।