Lucknow: राजधानी में अंसल आंगन रिक्शा कॉलोनी की ढही छत और दीवार, तीन बच्चों समेत चार गम्भीर रूप से घायल, निर्माण में घटिया सामग्री लगाने का आरोप

October 8, 2022 by No Comments

Share News

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना में अंसल आंगन के नाम से बनी रिक्शा कॉलोनी की छत व दीवार ढह गई, जिसमें तीन बच्चों समेत चार लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसा शनिवार दोपहर करीब एक बजे हुआ। यहां एक क्वाटर की छत उस वक्त ढही, जब एक खाली कमरे में तीन बच्चे खेल रहे थे। स्थानीय लोगों की मदद से आशियाना पुलिस और आलमबाग फायर स्टेशन के टीम ने रेस्क्यू कर चारों बच्चों को निकाला। चारों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिसमें तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है।

मीडिया सूत्रों के मुताबिक आशियाना में शहीदपथ के किनारे अंसल आंगन के नाम से बनी रिक्शा कालोनी में एक खाली पड़े क्वार्टर में शनिवार दोपहर 13 वर्षीय गोकुल रावत, 11 वर्षीय मनी, 10 वर्षीय अनिल खेल रहे थे। तो वहीं 22 वर्षीय शुभम पास में ही खड़ा था। अचानक क्वार्टर की छत और दीवार ढह गई। हादसे में चारों लोग मलबे में दब गए। चीख पुकार सुनकर आस पड़ोस के लोग दौड़े। मलबा हटाने लगें और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

इंस्पेक्टर आशियाना अजय प्रकाश मिश्रा, फायर अफसर आलमबाग टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और फायर टीम ने रेस्क्यू शुरू किया। जेसीबी मंगवाई गई। स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे, गोकुल, अनिल, मनी और शुभम को निकाला गया। तीनों को लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया जहां, डाक्टरों ने गोकुल, अनिल और मनी की हालत नाजुक देख उन्हें ट्रामा रेफर कर दिया। वहीं, टीम अभी मलबा हटाने में लगी है।

लोगों ने लगाया निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप

मीडिया सूत्रों के मुताबिक कुछ साल पहले अंसल ने इस कॉलोनी का निर्माण कार्य कराया था। कॉलोनी में रहने वाले लोगों को लिए एक-एक क्वार्टर बनाए गए थे। यहां के लोगों ने बताया कि यहां अक्सर मसाला गिरता रहता है। इसी के साथ लोगों ने घटना के बाद आक्रोशित होकर विरोध किया और अंसल पर घटिया निर्माण का आरोप लगाया। कुछ माह पहले भी लोगों ने हंगामा और बवाल किया था। तब पुलिस और जिला प्रशासन की टीम ने पहुंचकर लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया था।