AKTU Convocation Ceremony-2022: 20वें दीक्षांत समारोह की तैयारी पूरी, 26 नवम्बर को होगा भव्य आयोजन, जानें कितने विद्यार्थियों के गले में चमकेगा मेडल

November 25, 2022 by No Comments

Share News

लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) के 20वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां शुक्रवार को पूर्वाभ्यास के जरिये परखी गयी। कुलपति प्रो0 प्रदीप कुमार मिश्र के निर्देशन में समारोह स्थल पं. अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में पूर्वाभ्यास किया गया। इस दौरान शैक्षणिक शोभा यात्रा निकाली गयी तो मेधावियों के बैठने के स्थान और मेडल के क्रम को तय किया गया।

कार्यक्रम की शुरूआत वंदेमातरम्, कलश को जल से भरने और विश्वविद्यालय के कुलगीत से होगी। पूर्वाभ्यास के दौरान शैक्षणिक शोभायात्रा में राज्यपाल की भूमिका में डॉ इंद्राणी, मुख्य अतिथि की भूमिका में गिरीश पांडेय, प्रतिकुलपति की भूमिका में डॉ. आरके सिंह एवं कुलसचिव सचिन सिंह शामिल हुए।

दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल सहकुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी। जबकि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जायडस लाइफसाइंस लिमिटेड के अध्यक्ष पंकज आर पटेल होंगे। वहीं, बतौर विशिष्ट अतिथि प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल और प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा सुभाष चंद्र शर्मा मौजूद रहेंगे।

वहीं, दीक्षांत समारोह में अलग-अलग पाठ्क्रमों के 48348 छात्रों को डिग्री दी जाएगी। साथ ही स्नातक के 92 और एमटेक, एमफार्मा और एमआर्क के 9 मेधावियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक दिया जाएगा, जबकि 81 छात्र-छात्राओं को पीएचडी अवार्ड होगी। साथ ही विश्वविद्यालय के पुरातन छात्र रहे लोगों को विशिष्ट भूतपूर्व छात्र पुरस्कार दिया जाएगा। आपको बता दें कि बीटेक के 31309, बीफार्मा के 5447, बीएचएमसीटी के 200, बीआर्क के 268, बीएफएडी के 57, बीडेस के 19, एमबीए के 8273, एमसीए के 2571, एमबीए आइएनटी के 52, एमसीए आइएनटी 40, पीएचडी के 81, बीवीवोसी के 16 विद्यार्थियों को डिग्री दी जाएगी।

सुबह 11 बजे से होगा आयोजन
बता दें कि 26 नवंबर दिन शनिवार को दोपहर 11:00 बजे विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह का आयोजन होगा।