AKTU: जटिल बीमारियों के आसान और सस्ते इलाज के लिए एकेटीयू ने किया ये काम…
AKTU: डा0 एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) और डॉ0 राममनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान मिलकर चिकित्सा के क्षेत्र में शोध और अनुसंधान का कार्य करेंगे। यही नहीं दोनों संस्थान मिलकर नई तकनीकी का प्रयोग कर चिकित्सा पद्धति को और आसान बनाने को लेकर काम करेंगे ताकि जटिल बीमारियों का आसान इलाज संभव हो सके। इस कार्य में एकेटीयू आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, थ्री डी प्रिंटिंग,नैनो टेक्नोलॉजी जैसी नई उभरती तकनीकी के जरिये सहयोग प्रदान करने का काम करेगा.
तो वहीं विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ इन तकनीकी के उपयोग में मदद करेंगे। इसको लेकर हाल ही में दोनों संस्थानों के बीच एमओयू हुआ है। समझौता ज्ञापन पर कुलपति प्रो0 जे.पी. पाण्डेय एवं डा0 आरएमएलआईएमएस के निदेशक डॉ0 सी.एम. सिंह ने हस्ताक्षर किए हैं।
इस एमओयू के बाद अनुसंधान एवं विकास के क्षेत्र में संयुक्त उद्यम स्थापित करने पर जोर दिया जाएगा। इसी के साथ ही सहयोग का उद्देश्य समाज और राष्ट्र के कल्याण के लिए उन्नत प्रौद्योगिकियों में अनुसंधान परियोजनाओं, तकनीकी सेमिनार, कार्यशालाओं और फैकल्टी डेवलममेंट कार्यक्रम भी आयोजित किये जाएंगे। इसी के साथ ही शिक्षकों और छात्रों को नई तकनीकी से लैस करने में भी मदद मिलेगी। जिससे सार्वजनिक स्वास्थ्य और संबद्ध क्षेत्रों में उन्नत प्रौद्योगिकी के विकास में योगदान मिलेगा।
सस्ता होगा इलाज
एकेटीयू और डॉ0 आरएमएलआईएमएस के बीच हुए इस समझौते से भविष्य में चिकित्सा के क्षेत्र में काफी लाभ मिलेगा। इसी साथ ही इसके सकारात्मक दूरगामी परिणाम निकलेंगे। चिकित्सा में नई तकनीकी के प्रयोग से न केवल इलाज आसान बनेगा बल्कि सस्ता भी होगा। इसका सीधा फायदा आम जन को मिलेगा। दोनों संस्थान तकनीकी का आदान-प्रदान करेंगे।
इस मौके पर मुख्य रूप से एकेटीयू के वित्त अधिकारी केशव सिंह, डीन-आरएमएलआईएमएस, प्रो0 (डा.) प्रद्युम्न सिंह, डीन, रिसर्च एण्ड डेवलपमेण्ट-एकेटीयू प्रो. भावेश कुमार चौहान, कार्यकारी कुलसचिव– आरएमएलआईएमएस प्रो. डा. सुब्रत चन्द्रा एवं एसो. डीन इनोवेशन एकेटीयू डा. अनुज कुमार शर्मा मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें-पिटबुल ने बच्चे पर किया जानलेवा हमला…रूह कंपा देने वाला Video वायरल