AKTU News: कार्य परिषद की बैठक में लिये गये महत्वपूर्ण निर्णय…इनको मिलेगा चांसलर मेडल और स्टार्टअप अवार्ड

Share News

AKTU News: डॉ0 एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (Dr. APJ Abdul Kalam Technical University) में शुक्रवार को कुलपति प्रो0 जेपी पाण्डेय की अध्यक्षता में विद्या परिषद की बैठक का आयोजन हुआ. बैठक में विश्वविद्यालय के 24वें दीक्षांत समारोह में छात्रों को प्रदान किये जाने वाले पदकों, डिग्रियों का अनुमोदन प्रदान किया गया. बता दें कि एकेटीयू का दीक्षांत समारोह 7 जुलाई को मनाया जाएगा.

83 छात्रों को दिए जाएंगे 84 पदक

बता दें कि दीक्षांत समारोह में कुल 83 छात्रों को 84 पदक दिये जाएंगे, जिसमें 35 स्वर्ण पदक तो 23 रजत और 24 कान्स्य पदक हैं। इस बार चांसलर मेडल अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज गाजियाबाद के बीटेक कम्प्यूटर साइंस एंडइंजीनियरिंग पाठ्यक्रम की छात्रा अंशिका राणा को दिया जाएगा। वहीं, कमल रानी वरूण स्मृति स्वर्ण पदक एससी वर्ग में केआईईटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के बीटेक कम्प्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पाठ्यक्रम की छात्रा इशिका को दिये जाने के प्रस्ताव को संस्तुति प्रदान की गयी।

इतने छात्रों को अवार्ड होगी पीएचडी की डिग्री

दीक्षांत समारोह में 62537 छात्रों को डिग्री एवं 52 छात्रों को पीएचडी की डिग्री अवार्ड होगी। कुल पदक पाने वालों में 52 छात्राएं तो 31 छात्र शामिल हैं। छात्रों के हित में निर्णय लेते हुए विद्या परिषद ने मार्कशीट और डिग्री के साथ अब ट्रांसक्रिप्ट भी निःशुल्क देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके अलावा मूक्स के ऑनर्स कोर्स को समाप्त करने के प्रस्ताव पर अनुमोदन दिया गया।

चूंकि विश्वविद्यालय ऑनर्स एवं माइनर कोर्स चला रहा है इसलिए मूक्स के ऑनर्स कोर्स को खत्म करने का निर्णय लिया गया। बैठक में प्रतिकुलपति प्रो0 राजीव कुमार, कुलसचिव रीना सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो0 दीपक नगरिया, आईईटी के कार्यवाहक एवं कैश के निदेशक प्रो0 वीरेंद्र पाठक, एफओएपी की प्राचार्या प्रो0 वंदना सहगल, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो0 ओपी सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

पांच स्टूडेंट स्टार्टअप को भी मिलेगा अवार्ड

मालूम हो कि एकेटीयू अपने छात्रों में नवाचार एवं उद्यमिता की संस्कृति को लगातार बढ़ावा देने का काम कर रहा है। इसी क्रम में विश्वविद्यालय के इनोवेशन हब ने दीक्षांत समारोह में स्टूडेंट स्टार्टअप अवार्ड देने की पहल पिछले कुछ सालों से शुरू किया है। विश्वविद्यालय के ऐसे छात्र जो पढ़ाई के साथ ही नवाचार और उद्यमिता में लगे हैं उन्हें चयनित किया जाता है।

इस साल पांच क्षेत्रों में छात्रों को स्टार्टअप अवार्ड दिया जा रहा है। वोमेन लेड स्टार्टअप अवार्ड मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के बीटेक छात्र इर्तिका रेहमान के स्टार्टअप वेक्सर इमर्सिव प्रा.लि.,दूसरा बेस्ट डीप टेक स्टूडेंट स्टार्टअप अवार्ड अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज गाजियाबाद के बीटेक छात्र अवि मित्तल के स्टार्टअप वोरटेक्स ऑटोनॉमस सिस्टम प्रा.लि., तीसरा बेस्ट टेक इनोवेशन स्टार्टअप अवार्ड इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र सोनू भगत के स्टार्टअप डर्माशुद्धि एलएलपी, चौथा एग्रीकल्चर एंड एग्रीटेक स्टूडेंट स्टार्टअप अवार्ड बुद्धा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी गोरखपुर के बीटेक छात्र आदर्श सिंह के स्टार्टअप एग्रोलेन्स प्रा.लि.,पांचवां सस्टेनेबल एंड ग्रीन एनजी स्टार्टअप अवार्ड राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज बांदा के छात्र अमन कुमार के स्टार्टअप नेक्सोनिक्स रिफ्लेक्सा प्रा.लि. को दिया जाएगा। इन स्टार्टअप का चयन कुलपति प्रो0 जेपी पाण्डेय के निर्देशन में विशेषज्ञों की समिति ने विभिन्न कसौटियों पर परखने के बाद किया गया है.

गोद लिए गए छात्रों के बीच हुई प्रतियोगिता

बता दें कि एकेटीयू में दीक्षोत्सव कार्यक्रम के तहत गोद लिये गावों के विद्यालयों के बच्चों के बीच पेंटिंग, कहानी लेखन एवं भाषण प्रतियोगिता विजेता बच्चों को दीक्षांत समारोह में मंच से राज्यपाल करेंगी सम्मानित

डॉ0 एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय में दीक्षोत्सव कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को गोद लिये गावों के विद्यालयों के बच्चों के बीच पेंटिंग, कहानी लेखन एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के गोद लिये अलग-अलग विकासखंडों के पश्चिम गांव, पलहरी, दिगाई, सैरपुर, कोडरी भौली, ढेलवासी प्राथमिक विद्यालय एवं कुम्हरावां इंटर कॉलेज के कक्षा तीन से पांच, छह से आठ एवं नौ से 12 के ग्रुप में विभाजित छात्रों ने प्रतिभाग किया. प्रतियोगिता के जरिए छात्रों ने जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं मेरी मां विषय पर अपने विचार रखे। इस प्रतियोगिता में विजेता छात्रों को दीक्षांत समारोह के मंच पर पुरस्कृत किया जाएगा.

शिक्षकों को मिलेगा एकेडमिक एक्सीलेंस अवार्ड

अकादमिक क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करने वाले शिक्षकों को एकेटीयू दीक्षांत समारोह में एकेडमिक एक्सीलेंस अवार्ड भी देगा. राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के हाथों सम्मान पाले वाले शिक्षकों के चयन के लिए 28 जून तक आवेदन मांगे गये थे.

ये भी पढ़ें-फौजी गया नौकरी पर…पत्नी सिपाही प्रेमी के साथ फरार; पति काट रहा थाने के चक्कर- Video