AKTU News: अब घर बैठे छात्रों की समस्या होगी दूर…नहीं काटने पड़ेंगे विश्वविद्यालय के चक्कर; वाट्सएप से भी जुड़ें

August 4, 2026 by No Comments

Share News

AKTU News: डॉ0 एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) में छात्रों को सहूलियत देने की पहल की गई है. मंगलवार से फेसलेट स्टूडेंट सिस्टम की शुरूआत की गयी। पहले दिन करीब तीन सौ छात्रों ने अपने कार्यों के लिए पोर्टल पर ऑनलाइन माध्यम से परीक्षा सहित अन्य कार्यों को दर्ज कराया जिनका निस्तारण भी तेजी से किया जा रहा है।

प्रदेश भर के छात्रों को मिल रहा है लाभ

बता दें कि पूरे प्रदेश में विश्वविद्यालय से करीब साढ़े सात सौ से अधिक संस्थान जुड़े हैं। कई बार छात्र परीक्षा से संबंधित, रिजल्ट में सुधार, अंकपत्र अपडेट करने सहित डिग्री से जुड़े कामों के लिए विश्वविद्यालय परिसर एवं नोएडा परिसर पहुंचते हैं। छोटे से कार्य के लिए कोई छात्र सोनभद्र से तो किसी को सहारनपुर से आना पड़ता है।

इसमें न केवल छात्रों का समय खर्च होता है बल्कि पैसे का भी व्यय होता है। विश्वविद्यालय ने कुलपति प्रो0 जेपी पाण्डेय के निर्देशन में छात्रों की इस समस्या को दूर करने के लिए ऑनलाइन निस्तारण की पहल की है। इसके तहत छात्र अपनी किसी भी समस्या को ईआरपी के फेसलेस स्टूडेंट सिस्टम पोर्टल पर दर्ज करा सकता है। छात्र को अपने कार्य और उससे जुड़े डॉक्यूमेंट्स को ऑनलाइन अपलोड करना होगा।

इसके बाद छात्र को एक विशिष्ट ग्रिवान्स नंबर मिल जाएगा। इस विशिष्ट नंबर से छात्र अपने कार्य की ऑनलाइन ट्रैकिंग भी कर सकता है। वहीं छात्रों की समस्या संबंधित विभाग को ऑनलाइन चली जाएगी। जबकि संबंधित डॉक्यूमेंट अपलोड नहीं होने पर ऑनलाइन ही छात्र को संदेश भेजा जाएगा। अधिक से अधिक छात्रों को इस सुविधा का लाभ लेने के लिए सभी संबद्ध संस्थानों के निदेशकों एवं प्राचार्य को पत्र जारी किया गया है। ताकि छात्र विश्वविद्यालय आकर अपने कार्यों को कराने की बजाय ऑनलाइन माध्यम से समस्याएं दर्ज करायें।

वहीं पहले दिन विभिन्न जिलों से विश्वविद्यालय के स्टूडेंट सेल पहुंचे छात्रों को भी ऑनलाइन माध्यम का उपयोग कराया गया। इस व्यवस्था से न केवल छात्रों का समय बचेगा बल्कि उनका कार्य भी तेजी से होगा। परीक्षा नियंत्रक प्रो. दीपक नगरिया के अनुसार ऑनलाइन व्यवस्था से छात्रों को काफी सहूलियत होगी। उन्हें विश्वविद्यालय नहीं आना पड़ेगा। छात्रों का काम भी तेजी से निस्तारित किया जाएगा।

छात्रों ने शेयर किया अनुभव

मिर्जापुर से माइग्रेशन के लिए आयी छात्रा आंचल द्विवेदी ने कहा कि विश्वविद्यालय की इस पहल से छात्रों को काफी सहूलियत होगी। उन्हें अपने काम के लिए यहां नहीं आना पड़ेगा। साथ ही छात्र अपने कार्यों की प्रगति भी ऑनलाइन देख सकता है। काफी अच्छी सुविधा प्रदान की गयी।

आगरा से आये बीटेक के छात्र प्रद्युमन तिवारी ने बताया कि मुझे यहां आने पर पता चला कि ऑनलाइन पोर्टल की सुविधा शुरू की गयी है। विश्वविद्यालय की इस व्यवस्था से लाखों छात्रों को फायदा मिलेगा। न केवल उनका काम तेजी से होगा बल्कि उन्हें आने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। मैंने ऑनलाइन अपनी समस्या दर्ज कर दी है।

एकेटीयू अपने छात्रों और शिक्षकों को सीधे वाट्सएप से भेजेगा संदेश
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय अपने छात्रों और शिक्षकों से सीधे वाट्सएप से जुड़ गया है। उन्हें कोई भी सूचना सीधे वाट्सएप से दी जाएगी। इसकी शुरूआत मंगलवार से की गयी।

जल्द पहुंचेगी सूचना

इस समय छात्र से लेकर शिक्षक तक वाट्सएप एक्टिव रहते हैं। उन्हें इस माध्यम से सूचना तत्काल पहुंचायी जा सकती है। इसी को देखते हुए कुलपति प्रो0 जेपी पाण्डेय के निर्देशन में विश्वविद्यालय ने वाट्सएप के जरिये संदेश भेजने की पहल की है। सूचना संबंधित छात्र या शिक्षक को भेजने के लिए सीधे उनके नंबरों पर वाट्सएप कर दिया जाएगा।

मसलन, प्लेसमेंट ड्राइव, रिजल्ट आदि की सूचना जिस पाठ्यक्रम एवं शैक्षणिक सत्र के छात्र को भेजनी है उसे वाट्सएप कर दी जाएगी। विश्वविद्यालय की ओर से भेजे जाने वाला मैसेज नंबर की बजाय एकेटीयू वाट्सएप से जाएगा। यानि छात्र या शिक्षक के मोबाइल पर किसी नंबर की जगह एकेटीयू वाट्सएप लिखकर आएगा।

ये भी पढ़ें-Bankipur By-Election Result: प्रशांत किशोर को CM सम्राट चौधरी ने दी जीत की बधाई…कही ये बात; PK का भी बयान आया सामने-Video