AKTU: ड्रोन के हर पक्ष में दक्ष बनाने के लिए डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय में छात्रों को दिया जाएगा प्रशिक्षण, देखें तारीखें, बीटेक छात्र 4 नवम्बर तक कराएं पंजीकरण
लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) विद्यार्थियों को ड्रोन तकनीक पर प्रशिक्षण देने जा रहा है। ये तो सभी जानते हैं कि वर्तमान समय में ड्रोन का उपयोग काफी बढ़ गया है। डाटा कलेक्शन, फोटोग्राफी से लेकर पहरेदारी तक ड्रोन के जरिये हो रही है।
आधुनिक ड्रोन उच्च तकनीकी से लैस हैं। ऐसे में ड्रोन की पूरी जानकारी होना भी आवश्यक है जिससे कि इनका सही से प्रयोग किया जा सके। ऐसे में एकेटीयू ड्रोन के हर पक्ष में दक्ष बनाने जा रहा है। विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर एडवांस्ड स्टडीज की ओर से ड्रोन तकनीकी पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन 9 और 10 नवंबर को किया जा रहा है। इस कार्यशाला में छात्रों को ड्रोन के विभिन्न आयामों की विशेषज्ञ जानकारी देंगे।
दी जाएगी समग्र जानकारी
कुलपति प्रो. प्रदीप कुमार मिश्र के निर्देशन और सेंटर फॉर एडवांस्ड स्टडीज के निदेशक प्रो. एमके दत्ता के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस कार्यशाला में ड्रोन के विभिन्न पक्षों की जानकारी दी जाएगी। इसमें ड्रोन के उड़ान की प्राथमिक जानकारी, ड्रोन की बनावट, ड्रोन उड़ान का प्रैक्टिकल किया जाएगा। इसके अलावा उड़ान सत्र और ड्रोन से लेने वाले चित्र, उड़ान के पहले और बाद की जांच और मैपिंग की जानकारी कार्यशाला में दी जाएगी।
ये छात्र ले सकते हैं हिस्सा
इस दो दिवसीय कार्यशाला में ड्रोन तकनीक सीखने के लिए बीटेक तृतीय व चतुर्थ वर्ष के छात्र भाग ले सकते हैं। कार्यशाला विश्वविद्यालय परिसर में आयाजित की जाएगी। इसमें भाग लेने के लिए छात्र चार नवंबर तक निशुल्क पंजीकरण करा सकते हैं। कार्यशाला में छात्रों के लिए सीट सीमित है।