Mukhtar Ansari: बाहुबली मुख्तार अंसारी के खिलाफ ED की बड़ी कार्यवाही, दिल्ली-लखनऊ से लेकर गाजीपुर तक 15 ठिकानों पर की छापेमारी, बेटों से पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा, देखें वीडियो
उत्तर प्रदेश के बाहुबली मुख्तार अंसारी के खिलाफ गुरुवार को ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) ने बड़ी कार्यवाही करते हुए अंसारी के एक-दो नहीं बल्कि 15 ठिकानों पर छापेमारी की है। बता दें कि ईडी ने मार्च 2021 में अंसारी के खिलाफ मनीलॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया था। बाहुबली नेता पर आरोप है कि उन्होंने 2020 में जाली दस्तावेज तैयार कर सरकारी जमीन पर कब्जे का प्रयास किया था। अंसारी पर लखनऊ में धोखाधड़ी कर संपत्ति पर कब्जा करने को लेकर भी मामला दर्ज है।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक मनीलॉन्ड्रिंग केस में बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी पर कार्रवाई तेज करते हुए ईडी ने गुरुवार को अंसारी से जुड़े करीब 15 ठिकानों पर छापे मारने शुरू कर दिए हैं। इस दौरान जांच में एक फर्म के बारे में पता चला है और पैसों की लेन-देन की बात भी सामने आई है। बता दें कि मुख्तार अंसारी काफी समय से जेल में बंद हैं और धीरे-धीरे कर अंसारी पर ED का शिकंजा कसता जा रहा है।
गुरुवार को ईडी ने छापे की कार्रवाई दिल्ली से लेकर, लखनऊ एवं गाजीपुर तक शुरू कर दी है। जांच एजेंसी अंसारी से जुड़े लोगों पर अपना शिकंजा कस रही है। ईडी को पता चला है कि अंसारी के लोगों ने पैसों का हेर-फेर किया है। जांच एजेंसी एक महीने पहले बाहुबली नेता के भाई अफजाल अंसारी एवं परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ कर चुकी है। छापे की इन 15 जगहों में अंसारी का पैतृक आवास और उनके 3 करीबियों के आवास भी शामिल हैं।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक ईडी की टीम गुरुवार सुबह मुहम्मदाबाद स्थित मुख्तार अंसारी के घर भी पहुंची और छापे की कार्रवाई शुरू की। वहीं, ईडी टीम ने विक्रम अग्रहरि, गणेश मिश्रा, खान बस सर्विस के मालिक के ठिकानों पर भी पहुंची। बता दें कि पिछले साल अंसारी को पंजाब से यूपी की जेल में शिफ्ट किया गया था।
दोनों बेटों ने पूछताछ में किया था बड़ा खुलासा
मीडिया सूत्रों के मुताबिक मनीलॉन्ड्रिंग मामले में ईडी अंसारी के दोनों बेटों से भी पूछताछ कर चुकी है। बेटों से पूछताछ के दौरान एक कंपनी के बारे में ईडी को जानकारी हुई थी। इस कंपनी के जरिए पैसों की लेन-देन की बात सामने आई थी। इसी के बाद से पूरे मामले पर जांच को आगे बढ़ाते हुए ईडी ने अंसारी से जुड़ी संपत्तियों का पूरा विवरण एलडीए से मांगा था। इसके बाद से ये आशंका होगी कि ईडी किसी बड़े एक्शन की ओर बढ़ रही है।
इस फर्म में अंसारी की पत्नी और उनके साले की भूमिका की जांच भी हो रही है। बताया जा रहा है कि जांच में ईडी के हाथ कुछ दस्तावेज लगे हैं और इन दस्तावेजों को खंगालते हुए वह पैसों की लेन-देन की कड़ियां जोड़ने की कोशिश कर रही है। अंसारी पर विधायक निधि का दुरुपयोग करने का भी आरोप है। इनमें से कई मामले मनीलॉन्ड्रिंग के दायरे में आते हैं। इस मामले में ईडी ने जेल में जाकर अंसारी से पूछताछ की थी। बता दें मुख्तार के मामले में योगी सरकार पहले ही पत्नी, बेटे और साले को भगोड़ा घोषित कर चुकी है।