Varanasi: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फ्लीट रोककर एंबुलेंस को दिया रास्ता, अस्पताल तक पहुंचाया गया गम्भीर रूप से बीमार महिला को, वायरल हुआ महिला का वीडियो

October 14, 2022 by No Comments

Share News

लखनऊ/वाराणसी। वाराणसी दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मानवीयता दिखाते हुए वीआईपी फ्लीट में फंसी एक एम्बुलेंस को रास्ता दिया और गम्भीर रूप से बीमार महिला को अस्पताल भिजवाया। इस मामले में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें बीमार महिला के परिवार की एक महिला मुख्यमंत्री का धन्यवाद देती नजर आ रही है।

बता दें कि वाराणसी दौरे के दौरान मरीज को लेकर एम्बुलेंस उसी रास्ते से जा रही थी, जहां से मुख्यमंत्री का काफिला गुजर रहा था। वीआईपी प्रोटोकॉल के दौरान मुख्यमंत्री ने एक एंबुलेंस को ना सिर्फ रास्ता दिया गया, बल्कि वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस की ओर से एंबुलेंस को स्कॉर्ट करते हुए सही समय पर तत्काल अस्पताल तक पहुंचाया गया। एंबुलेंस में एक महिला डिलवरी के बाद काफी क्रिटकल कंडीशन में थी, जिन्हें उनके परिजन अस्पताल लेकर जा रहे थे। वायरल वीडियो में भी महिला बता रही है कि बीमार महिला को ब्लीडिंग हो रही थी और वह गम्भीर रूप से बीमार थी। अगर उसे जल्द से जल्द अस्पताल नहीं पहुंचाया जाता तो कुछ भी हो सकता था।

वाराणसी के पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश ने मीडिया को जानकारी दी कि मुख्यमंत्री का काफिला पुलिस लाइन से सारनाथ के लिए निकला ही था कि एक एंबुलेंस आती दिखी। एंबुलेंस में एक महिला जिनका नाम अंजलि सिंह है, काफी क्रिटकल कंडीशन में थीं। उन्हें डिलवरी के बाद ब्लीडिंग की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गयी थी। ऐसे समय में तुरंत इस बात की जानकारी मुख्यमंत्री को दी गयी। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में आते ही एंबुलेंस के लिए तुरंत रास्ता खाली कराया गया। एंबुलेंस को वाराणसी ट्रैफिक पुलिस की ओर से स्कॉर्ट किया गया और अति शीघ्र अस्पताल तक पहुंचाया गया।

महिला के पति अभिषेक सिंह ने बताया कि वे वाराणसी के चौबेपुर स्थित धरहरा गांव के निवासी हैं। उनकी पत्नी की डिलवरी के बाद काफी ज्यादा ब्लीडिंग हो रही थी। वे लोग उन्हें लेकर अस्पताल जा रहे थे, तभी रास्ते में मुख्यमंत्री जी का काफिला आता दिखा। लगा कि हमारी एंबुलेंस अब फंस जाएगी और हम समय पर अस्पताल नहीं पहुंच सकेंगे।

अभिषेक के अनुसार हमने अपनी स्थिति की जानकारी वाराणसी के पुलिस कमिश्नर को दी, जिसके बाद मुख्यमंत्री तक ये बात पहुंची और उन्होंने खुद संज्ञान लेते हुए हमारी एंबुलेंस को रास्ता मुहैया कराया। अभिषेक की मानें तो उन्हें यकीन ही नहीं हो रहा था कि प्रशासन उनकी एंबुलेंस को आगे जाने देगा, लेकिन खुद मुख्यमंत्री जी ने जो संवेदनशीलता दिखायी है, उसके लिए उनका परिवार सदा आभारी रहेगा। परिजनों ने महिला को वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

यहां देखें वीडियो