बच्चों की जान से खिलवाड़…! प्राथमिक स्कूल की बाउंड्रीवाल के निर्माण कार्य में ग्रामीणों ने लगाया भ्रष्टाचार का बड़ा आरोप

June 27, 2025 by No Comments

Share News

Chitrakoot: प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों के निर्माण कार्य में अक्सर ही भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आती रही हैं. इसी तरह ताजा खबर चित्रकूट के विकास खंड पहाड़ी के ग्राम पंचायत मुहरवां मजरा सुर्किहां से सामने आई है. यहां के प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्रीवाल निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है और कहा है कि इस तरह से तो बच्चों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है. इस पर कार्रवाई होनी चाहिए.

बता दें कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर चित्रकूट के विकास खंड पहाड़ी के ग्राम पंचायत मुहरवां मजरा सुर्किहां के प्राथमिक विद्यालय की कुछ तस्वीरें वायरल हो रही हैं. ये तस्वीरें @WeUttarPradesh के अकाउंट से वायरल की गई हैं और तस्वीरों के साथ कैप्शन लिखा गया है कि चित्रकूट के विकास खंड पहाड़ी के ग्राम पंचायत मुहरवां मजरा सुर्किहां के प्राथमिक विद्यालय बाउंड्रीवाल निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगा है।

इसी पोस्ट में आगे लिखा गया है कि जिला पंचायत निधि से बन रही बाउंड्रीवाल में ठेकेदार द्वारा घटिया सामग्री जैसे डस्ट की बालू और कमज़ोर सीमेंट का इस्तेमाल किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह मानक विहीन निर्माण बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। फिलहाल इस मामले में स्थानीय जिला बेसिक शिक्षाधिकारी का कोई बयान सामने नहीं आया है और न ही ठेकेदार की ओर से इस आरोप का खंडन किया गया है.

हालांकि ग्रामीणों ने ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग की है. इस सम्बंध में अगर जिला बेसिक शिक्षाधिकारी या किसी अन्य का बयान सामने आता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा. तो वहीं सोशल मीडिया पर वायरल निर्माण कार्य की तस्वीरों पर सोशल मीडिया यूजर्स सलाह देते हुए कह रहे हैं कि इस तरह के निर्माण कार्यों पर शिक्षा विभाग को पैनी नजर रखनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी तरह का हादसा न हो और सरकार की किरकिरी न हो.

ये भी पढ़ें-शुभांशु शुक्ला ने अन्तरराष्ट्रीय अन्तरिक्ष स्टेशन पर पहुँचकर रचा इतिहास…हिंदी में कही ये गर्व करने वाली बात-Video