Covid 19: कोरोना को लेकर पूरे देश में अलर्ट, एडवाइजरी जारी, बिना मास्क के PGI सहित सभी अस्पतालों में “No Entry”,भारत को लेकर अमेरिकी डॉक्टर का बड़ा दावा, देखें वीडियो
नई दिल्ली। एक बार फिर से कोरोना महामारी का हौव्वा देश भर को सताने लगा है। चीन से आई भयभीत कर देने वाली तमाम खबरों ने भारत के लोगों की भी नींद उड़ा दी है। फिर से एक बार लॉकडाउन का खतरा मंडराने लगा है। तो वहीं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय लगातार बैठकें कर के राज्यों को दिशा-निर्देश जारी कर रहा है। शुक्रवार को भी हाई लेवल मीटिंग की गई और सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को आने वाले त्योहारों और नए साल के जश्न को ध्यान में रखते हुए ‘टेस्ट-ट्रैक-ट्रीट एंड वैक्सीनेशन’ पर ध्यान केंद्रित करने का निर्देश दिया है।
दुनियाभर में बजी खतरे की घंटी
चीन के साथ ही जापान, अमेरिका से सामने आ रहे कोविड के मामलों ने दुनियाभर में खतरे की घंटी बजा दी है। भारत में BF.7 के तीन मामलों का पता चला है, ऐसे में स्वास्थ्य मंत्रालय पहले से ही सतर्क है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने शुक्रवार को कोविड-19 की स्थिति और तैयारियों पर राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा, कोविड प्रबंधन के लिए जांची-परखी रणनीति बनी हुई है। राज्यों को निगरानी प्रणाली मजबूत करने की सलाह है कि वे परीक्षण बढ़ाएं और अस्पताल के बुनियादी ढांचे की तैयारी सुनिश्चित करें।
राज्यों को जारी किया अलर्ट
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में राज्यों को अलर्ट रहने और कोविड-19 प्रबंधन के लिए पूरी तैयारी रखने की सलाह दी। उन्होंने राज्यों से आग्रह किया कि वे भारतीय SARS-CoV-2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम (INSACOG) नेटवर्क के माध्यम से वेरिएंट को ट्रैक करने के लिए निगरानी प्रणाली को मजबूत करें ताकि देश में चल रहे नए वेरिएंट का समय पर पता लगाया जा सके।
24 दिसंबर से शुरू होगा रेंडम कोरोनावायरस टेस्ट
सरकार ने मीडिया को जानकारी दी कि प्रत्येक अंतरराष्ट्रीय उड़ान में आने वाले दो प्रतिशत यात्रियों का 24 दिसंबर से रेंडम कोरोनावायरस टेस्ट किया जाएगा। इसके बाद यदि कोई COVID पॉजिटिव पाया जाता है, तो नमूना नामित INSACOG प्रयोगशाला में जीनोमिक परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। COVID-19 मामलों से निपटने के लिए 27 दिसंबर को देश भर के अस्पतालों में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।
लखनऊ सहित देश भर के तमाम राज्यों में जारी हुई एडवाइजरी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में भी अलर्ट जारी कर दिया है। योगी सरकार के निर्देश के बाद राजधानी लखनऊ में कोविड प्रोटोकॉल को लागू करवाने के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। कोरोना के नए वैरिएंट को लेकर राजधानी के अस्पतालों में सतर्कता शुरू हो गई है। अस्पतालों में अब बिना मास्क के मरीजों और तीमारदारों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। कोविड प्रोटोकॉल के पालन के लिए अस्पतालों में अनाउंसमेंट कराकर जागरूक किया जा रहा है। सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में रोजाना 3 से 4 हजार मरीज आ रहे हैं और 80-90 मरीज इमरजेंसी में भर्ती किए जा रहे हैं।
इसी वजह से अब यह नई एडवाइजरी जारी की गई है। उधर लखनऊ पीजीआई में भी बिना मास्क के एंट्री नहीं होगी। कोरोना के संभावित खतरे को देखते हुए PGI निदेशक ने निर्देश जारी किया है और नए आदेश के मुताबिक मरीजों और तीमारदारों को मास्क पहनने पर ही एंट्री दी जाएगी। साथ ही स्वास्थ्यकर्मी और सफाई कर्मियों के लिए भी मास्क जरूरी कर दिया है। इसी के साथ विदेश से आने वालों का रैंडम टेस्ट के लिए गाइड लाइन जारी कर दी गई है। इसी के साथ हिमाचल प्रदेश, बिहार सहित देश के सभी राज्यों में कोरोना को लेकर गाइड लाइन जारी कर दी गई है।
अमेरिकी डाक्टर ने भारत को लेकर किया दावा, कहा नहीं आएगी तीसरी लहर, देऱें वीडियो
देखें क्या हाल है चीन का, वायरल वीडियो के दावे