Crime News: “देहाती डिस्को” फिल्म के निर्माता पर दर्ज हुए तीन और मुकदमे, मुम्बई जेल में बंद है आरोपित, अभिनेत्री पत्नी पर किया था जानलेवा हमला
लखनऊ। अभिनेत्री पत्नी पर जानलेवा हमला कराने के मामले में मुंबई जेल में बंद “देहाती डिस्को” फिल्म के निर्माता कमल किशोर के खिलाफ लखनऊ के गोमतीनगर कोतवाली में तीन और मुकदमे दर्ज हो गए हैं। सिक्योरिटी और ट्रेवल एजेंसी संचालकों ने कमल किशोर पर 11.72 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। इससे पहले भी उस पर लाखों की ठगी का मुकदमा दर्ज हो चुका है।
पूरे मामले को लेकर इंस्पेक्टर गोमतीनगर दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक कमल किशोर के खिलाफ धमकी, धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। दिल्ली के शाहदरा के रहने वाले योगेश वैनिटी वैन और ट्रेवल का कंपनी संचालक हैं। देहाती डिस्को फिल्म की शूटिंग के लिए उन्होंने वैनिटी वैन, कमल किशोर को दी थी। कमल ने उसका 5.50 लाख रुपये भुगतान नहीं किया।
वहीं, दूसरा मुकदमा एलडीए कालोनी आशियाना के रहने वाले शाहनवाज हुसैन ने दर्ज कराया है जो कि फिल्म प्रोड्यूसर हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि कमल किशोर ने उनसे काम लिया और 4.50 लाख रुपये का भुगतान नहीं किया। रुपयों की मांग पर गाली-गलौज कर धमकी दी। मिरनपुर पिंवट के रहने वाले राजवीर सिंह सिक्योरिटी कंपनी संचालक हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि कमल किशोर ने उनसे बाउंसर और सुरक्षा कर्मी लिए थे। उनका 1.72 लाख रुपये का भुगतान नहीं किया। तीनों पीड़ितों के मुताबिक जब उन्होंने रुपयों की मांग की तो कमल किशोर ने फोन पर उन्हें धमकी दी और गाली-गलौज की। कमल किशोर के खिलाफ गोमतीनगर थाने में पूर्व में भी ठगी के मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।
एक हफ्ते पहले ही भेजा गया है जेल
कमल किशोर के खिलाफ मुंबई के अंबोली थाने में जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज है। एक हफ्ते पहले ही कमल किशोर को अंबोली थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। कमल किशोर पर आरोप है कि उसने अपनी अभिनेत्री पत्नी यास्मीन को जान से मारने की कोशिश की थी। दरअसल एक महिला दोस्त के साथ कार में बैठे हुए उसकी पत्नी ने देख लिया था और फिर यास्मीन ने कार का शीशा खुलवाने का प्रयास किया था। इस पर कमल किशोर कार लेकर भागा और उसने पत्नी पर चढ़ाने का प्रयास किया था। इस घटना में यास्मीन घायल भी हो गई थीं। (फोटो सोशल मीडिया)