Lucknow Crime News: फिल्म प्रोड्यूसर पर 23.19 लाख रुपये की ठगी का मुकदमा दर्ज, पत्नी को भी मारने की कर चुका है कोशिश

November 1, 2022 by No Comments

Share News

लखनऊ। “देहाती डिस्को” फिल्म के प्रोड्यूसर कमल किशोर मिश्र पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर थाने में 23.19 लाख की ठगी का मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमा ट्रेवल एजेंसी के संचालक अवधेश कुमार ने दर्ज कराया है। उन्होंने प्रोड्यूसर पर वैनेटी बस और अन्य गाड़ियां किराए पर लेकर धोखाधड़ी कर भुगतान न करने का आरोप लगाया है।

पत्नी को भी मारने की कर चुका है कोशिश
मीडिया सूत्रों के मुताबिक कमल किशोर ने अपनी अभिनेत्री पत्नी को भी कार से कुचल कर मारने की कोशिश की थी। इस मामले में आरोपित प्रोड्यूसर कमल किशोर को मुंबई के अंबोली थाने की पुलिस बीते गुरुवार को गिरफ्तार किया था। बताया जा रहा है कि कमल किशोर यहां गोमतीनगर एल्डिको ग्रीन में रहता है। इंस्पेक्टर गोमतीनगर दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि पीड़ित अवधेश कुमार इंदिरानगर के बस्तोली में रहते हैं।

वह एसए टूर एंड ट्रेवलर्स के नाम से एजेंसी चलाते हैं। अवधेश ने आरोप लगाया है कि साल 2020 में उनका संपर्क कमल किशोर से हुआ था। कमल किशोर जब यहां शूटिंग करने के लिए आता था तो अभिनेता और अभिनेत्री के लिए लक्जरी कारें, वैनिटी बस और कैटरिंग के लिए लोग किराए पर लेता था। कैटरिंग और ट्रेवलिंग के लिए गाड़ियों का 23.19 लाख रुपया कमल किशोर ने नहीं दिया। कमल किशोर से जब रुपयों की मांग की तो पहले टाल मटोल करता रहा। विरोध पर धमकी दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि कमल किशोर के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पत्नी ने पकड़ा था प्रेमिका के साथ
जानकारी मिली है कि प्रोड्यूसर कमल किशोर को उसकी पत्नी यास्मीन ने मुंबई में एक कार के अंदर प्रेमिका के साथ रंगेहाथ पकड़ा था। पत्नी के विरोध पर कमल किशोर ने उन पर गाड़ी भी चढ़ा दी थी, जिसमें वह घायल हो गई थीं। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुंबई पुलिस ने कमल किशोर को गिरफ्तार भी कर लिया था।