Gupta Navratri-2023: मनमुताबिक विवाह नहीं हो रहा है, तो गुप्त नवरात्र के सोमवार को करें ये उपाय, दाम्पत्य जीवन सुखी रखने और इंटरव्यू में सफल होने को करें इस मंत्र का जाप, पढ़ें ये चौपाई

June 20, 2023 by No Comments

Share News

Gupta Navratri-2023: सनातन धर्म को मानने वाले लोग ये तो अच्छी तरह से जानते ही हैं कि साल में चार नवरात्र होती है, लेकिन आम लोग केवल दो नवरात्र (चैत्र व शारदीय नवरात्र) के बारे में ही जानते हैं और उसी को मनाते हैं. इस बार गुप्त नवरात्र का प्रारंभ आषाढ़ शुक्ल प्रतिपदा (19 जून, सोमवार) से होगा, जो आषाढ़ शुक्ल नवमी (27 जून, मंगलवार) को समाप्त होगी। इस दौरान मां दुर्गा की दस महाविद्याओं की साधना की जाती है. इसी के साथ आचार्य विनोद कुमार मिश्र बताते हैं कि अगर कुछ और उपाय कर लिए जाएं तो जीवन सुखमय हो जाता है.

मनोनुकूल विवाह के उपाय
गुप्त नवरात्र में जो भी सोमवार आए। उस दिन प्रातः किसी शिव मंदिर में जाएं। वहां शिवलिंग पर दूध, दही, घी, शहद और शक्कर चढ़ाते हुए उसे अच्छी तरह से साफ करें। फिर शुद्ध जल चढ़ाएं और पूरे मंदिर में झाड़ू लगाकर उसे साफ करें। अब भगवान शिव की चंदन, पुष्प एवं धूप, दीप आदि से पूजा करें।रात 10 बजे के बाद अग्नि प्रज्वलित कर ऊं नम: शिवाय मंत्र का उच्चारण करते हुए घी से 108 आहुति दें। अब 40 दिनों तक नित्य इसी मंत्र का पांच माला जप भगवान शिव के सामने करें। इससे शीघ्र ही आपकी मनोकामना पूर्ण होने के योग बनेंगे।

दांपत्य सुख के लिए उपाय
यदि जीवनसाथी से अनबन होती रहती है तो गुप्त नवरात्र में रोज नीचे लिखी चौपाई को पढ़ते हुए 108 बार अग्नि में घी से आहुतियां दें। इससे यह चौपाई सिद्ध हो जाएगी। अब नित्य सुबह उठकर पूजा के समय इस चौपाई को 21 बार पढ़ें। यदि संभव हो तो अपने जीवनसाथी से भी इस चौपाई का जप करने के लिए कहें-
चौपाई
सब नर करहिं परस्पर प्रीति।
चलहिं स्वधर्म निरत श्रुति नीति।।

इस उपाय से बढ़ेगी समृद्धि
गुप्त नवरात्र में किसी भी दिन प्रातः स्नान कर साफ कपड़े में अपने सामने शंख को रखें और उस पर केसर से स्वस्तिक का चिह्न बना दें। इसके बाद नीचे लिखे मंत्र का जप करें-
श्रीं ह्रीं श्रीं महालक्ष्मयै नम

आचार्य बताते हैं कि मंत्र का जप स्फटिक माला से ही करें। मंत्रोच्चार के साथ एक-एक चावल इस शंख में डालें। इस बात का ध्यान रखें की चावल टूटे हुए ना हो। यह प्रयोग लगातार नौ दिनों तक करें। इस प्रकार रोज एक माला जप करें। उन चावलों को एक सफेद रंग के कपड़े की थैली में रखें और 9 दिन के बाद चावल के साथ शंख को भी उस थैली में रखकर तिजोरी में रखें। इस उपाय से घर में संबृद्धि बढ़ती है।

साक्षात्कार में सफलता का उपाय
गुप्त नवरात्र में किसी भी दिन प्रातः शीघ्र उठकर स्नान आदि के बाद सफेद रंग के आसन पर पूर्व दिशा की ओर मुख करके उस पर बैठ जाएं। अब अपने सामने पीला कपड़ा बिछाकर उस पर 108 दानों वाली स्फटिक की माला रख दें और इस पर केसर व इत्र छिड़क कर इसकी पूजा करें। इसके बाद धूप, दीप और अगरबत्ती दिखाकर नीचे लिखा मंत्र 31 बार बोलें। इस प्रकार 11 दिन तक करने से वह माला सिद्ध हो जाएगी। जब भी किसी साक्षात्कार में जाएं तो इस माला को पहन कर जाएं। ये उपाय करने से इंटरव्यु में सफलता मिलती है।

मंत्र- ऊं ह्लीं वाग्वादिनी भगवती मम कार्य सिद्धि कुरु कुरु फट् स्वाहा।

DISCLAIMER:यह लेख धार्मिक मान्यताओं व धर्म शास्त्रों पर आधारित है। हम अंधविश्वास को बढ़ावा नहीं देते। पाठक धर्म से जुड़े किसी भी कार्य को करने से पहले अपने पुरोहित या आचार्य से अवश्य परामर्श ले लें। KhabarSting इसकी पुष्टि नहीं करता।)