अश्लीलता परोसने वाले शो पर पुलिस ने की ये बड़ी कार्रवाई…उल्लू ऐप के मालिक एजाज खान पर रेप और धर्म परिवर्तन का भी लगा आरोप-Video

Share News

Ejaz Khan’s Ullu App House Arrest Show: उल्लू ऐप के जरिए समाज में अश्लीलता परोसने वाले अभिनेता एजाज खान (Ejaz Khan) के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए समन जारी कर दिया है. साथ ही एजाज को जांच अधिकारी के सामने पेश होकर अपना बयान देने का निर्देश दिया गया है।

एजाज खान पर आरोप है कि वह अपने उल्लू ऐप (Ullu App) के माध्यम से शो ‘हाउस अरेस्ट’ (House Arrest) का प्रसार कर रहे हैं, जिसमें लगातार फूहड़ता परोस कर समाज को गंदा किया जा रहा है. इसके अलावा एक महिला ने उनके ऊपर धर्म परिवर्तन करने के बाद उससे शादी करने का वादा कर रेप का भी आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले को लेकर जांच कर रही है.

तो वहीं मुंबई पुलिस ने विश्व हिंदू परिषद (VHP) के एक कार्यकर्ता की शिकायत के बाद एक एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस ने पहले ही ऐप के मैनेजर का बयान दर्ज कर लिया है। अश्लील कंटेंट को लेकर मुंबई की अंबोली पुलिस ने एजाज और उल्लू ऐप के मालिक को समन जारी किया है। बता दें कि इस शो को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कई दिनों से विरोध किया जा रहा था. दरअसल सोशल मीडिया पर वायरल इस शो को एजाज खान होस्ट करते दिखाई दे रहे हैं और शो में महिलाओं व पुरुषों के साथ अश्लील भाषा में बात की जा रही है.

शो में 9 महिलाएं और तीन पुरुष हैं शामिल

एजाज खान द्वारा होस्ट किया जाने वाले हाउस अरेस्ट शो 11 अप्रैल, 2025 को उल्लू ऐप पर स्ट्रीम होना शुरू हुआ था. इस सीरीज में 12 कंटेस्टेंट्स हैं जिनमें 9 महिलाएं और तीन पुरुष को शामिल किया गया है और इन सभी को एक आलीशान विला में बंद करके कई तरह के एक्ट करने को कहा जाता है जो आपत्तिजनक हैं। इस शो को ‘बिग बॉस’ और ‘लॉक अप’ जैसे फेमस रिएलिटी शो का बिना सेंसर वाला वर्जन बताया गया है।

महिला ने पुलिस को दी शिकायत में एजाज खान पर लगाए ये आरोप

बता दें कि मुंबई में चारकोप पुलिस ने एजाज खान पर एक महिला की शिकायत के बाद मामला दर्ज किया गया है. महिला ने एजाज खान पर आरोप लगाया है कि एजाज खान ने उसे शादी का झांसा दिया और अपने वेब शो में भूमिका का वादा करके उसका लगातार यौन शोषण किया। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में ये भी बताया है कि एजाज ने महिला को अपने शो हाउस अरेस्ट को होस्ट के लिए बुलाया था जो उल्लू ऐप पर स्ट्रीम होता है।

इसी के साथ ही महिला ने ये भी आरोप लगाया है कि शूटिंग के दौरान खान ने उनको प्रपोज किया था और फिर महिला का धर्म परिवर्तन करने के बाद उससे शादी करने का वादा किया था. महिला ने ये भी आरोप लगाया है कि खान ने उसे अपने घर बुलाने के बाद उसका यौन शोषण किया। फिलहाल महिला से शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64, 64 (2) (एम), 69 और 74 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है.

महिला आयोग ने भी उठाया सख्त कदम

तो वहीं महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग (राज्यमंत्री दर्जा) रूपाली चाकणकर ने भी इस शो के खिलाफ एक्शन लिया है और इस वेब शो और ऐप से अश्लील सामग्री हटाने के लिए NCW (नेशनल कमीशन फॉर वूमेन) से शिकायत की गई है. इसी के साथ ही रूपाली चाकनकर ने कहा कि कई महिलाओं ने शो में प्रतिभागियों से पूछे जा रहे अश्लील सवालों की शिकायत की है। शिकायत को लेकर उनके पास ढेरो फोन और ई-मेल प्राप्त हुए हैं. यह शो समाज को गंदा कर रहा है और आने वाली पीढ़ी को इससे नुकसान हो सकता है.

न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए बयान में रूपाली ने कहा कि इस शो और शो के होस्ट एजाज खान पर कार्रवाई करने के लिए महाराष्ट्र के डीजीपी को एक पत्र लिखा गया है और इस मामले में एक मामला भी दर्ज किया गया है।  उन्होंने ये भी कहा कि हमें इस शो के बारे में कई शिकायतें मिली हैं, जिसमें कहा गया है कि शो में कंटेस्टेंट्स से अश्लील सवाल पूछे जाते हैं और उन्हें इसी तरह की हरकतें करने के लिए भी कहा जाता है।

पिछले महीने सुप्रीम कोर्ट ने दिया था ये आदेश

बता दें कि देश में लगातार अश्लीलता फैलाने वाले शो प्रसारित हो रहे हैं. इसी को देखते हुए पिछले महीने सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र, ओटीटी और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को एक जनहित याचिका पर नोटिस जारी किया था. मालूम हो कि इस जनहित याचिका में अश्लील सामग्री की स्ट्रीमिंग पर रोक लगाने के लिए उचित कदम उठाने के निर्देश देने की मांग की गई थी। इसको लेकर जस्टिस बीआर गवई और एजी मसीह की पीठ ने स्पष्ट रूप से कहा था कि याचिका में महत्वपूर्ण चिंता का मुद्दा उठाया गया है. इसी के साथ ही अमेजन प्राइम, नेटफ्लिक्स, ऑल्ट बालाजी, एएलटीटी, उल्लू, एक्स (पूर्व में ट्विटर), गूगल, मेटा इंक, एप्पल, मुबी और अन्य से ओटीटी प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री के नियमन की मांग वाली जनहित याचिका पर जवाब मांगा गया है।

बता दें कि हाल ही में यूट्यूब के जरिए युवाओं में अश्लीलता घोलने का काम करने वाले शो इंडियाज गॉट लेटेंट (India’s Got Latent) के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की गई थी और इस शो को बंद कर दिया गया है. तो वहीं अब उल्लू ऐप पर आने वाले इस शो पर कार्रवाई करके पुलिस ने साफ कर दिया है कि समाज में अश्लीलता परोसने वाले शो नहीं चलेंगे.

ये भी पढ़ें-नई नवेली टेस्ला कार पर गिराई गई 1000 किलो की चट्टान…! Video देख दंग रह जाएंगे आप