Gandhi Jayanti-2023: महात्मा गांधी की मूर्ति से लिपटकर रोने वाले वाले सपा नेता का एक और नया Video Viral,देखें क्या बोले इस बार
Gandhi Jayanti-2023: गांधी जयंती के मौके पर जहां देश भर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जा रहा है तो वहीं इस बार फिर से उसी सपा नेता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिनका चार साल पहले बापू की मूर्ति से लिपटकर रोने का वीडियो वायरल हुआ था. इस नए वीडियो में वह महात्मा गांधी की मूर्ति से प्रतिमा से बात करते नजर आ रहे हैं और माफी मांगते हुए दिखाई दे रहे हैं. हालांकि इस बार भी भाजपा ने उनको आड़े हाथों लिया है. तो दूसरी ओर एक कांग्रेसी नेता का भी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जो बापू की मूर्ति से बात करते नजर आ रहे हैं.
उत्तर प्रदेश के संभल जिले के हयात नगर थानाक्षेत्र के रहने वाले फिरोज खान जो कि पूर्व में सपा के जिला अध्यक्ष रह चुके हैं और वर्तमान में वह प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य हैं. सोमवार को गांधी जयंती के दिन उन्होंने अपने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक सभा का आयोजन किया, जिसमें वह महात्मा गांधी की मूर्ति से बात करते हुए नजर आए. कार्यकर्ताओं ने उनका ये वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है. गौरतलब है कि फिरोज खान लम्बे वक्त से संभल के एक चौराहे पर बापू की मूर्ति स्थापित कराने की मांग कर रहे हैं. वह अपने निजी खर्चे पर खरीदी गई मूर्ति को स्थापित करवाना चाहते हैं.
बापू से कही ये बात
फिरोज खान ने पहले तो महात्मा गांधी की मूर्ति को नमन किया, इसके बाद कह रहे हैं “बापू, इस बार भी हम आपको स्थापित नहीं कर पाए. ये बड़े ही अफसोस की बात है, लेकिन इस बार प्रशासन ने वादा किया है. मुझे उम्मीद है आपकी प्रतिमा की स्थापना जरूर होगी और आप इस मुल्क को जो उपलब्धि देकर गए थे वो बरकरार रहेगी. आपकी मूर्ति स्थापित करने में जो देर हो रही है, उसके लिए मैं माफी चाहता हूं.”
चार साल पहले इस तरह रोए थे सपा नेता
मीडिया सूत्रों के मुताबिक, सपा नेता फिरोज खान के चार साल पहले वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह बापू की मूर्ति से लिपटकर रोते हुए दिखाई दे रहे थे. इस वीडियो में वह कह रहे थे, “बापू आप कहां चले गए. आपने इतने बड़े देश को आजाद कराया और हमें अनाथ बनाकर चले गए.” बता दें कि तब फिरोज को मौजूद सपा के कार्यकर्ताओं ने चुप कराया था और कुछ सपा नेता तो उनके साथ ही रोते नजर आ रहे थे. पुराना वीडियो आज के दिन भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
क्यों बहा रहे हैं आंसू
सपा नेता के वायरल वीडियो को लेकर भाजपा के जिला अध्यक्ष हरेंद्र सिंह रिंकू ने फिरोज खान को आड़े हाथों लिया है और कहा है कि, फिरोज खान हमेशा ही दिखावा करते हैं और इसी तरह महापुरुषों का अपमान करते हैं. पहले वह बापू की मूर्ति से लिपटकर रो रहे थे और इस बार बात कर रहे हैं. जब सरदार भगत सिंह की मूर्ति की स्थापना हमने करवाई थी, उस समय उनकी ही पार्टी के लोगों ने खूब विरोध किया था. तब प्रशासन का सहयोग लिया गया था. अगर उनको लगता है कि उनकी मांग जायज है तो शासन, प्रशासन से मांग करें, ये मूर्ति से बात करने व आंसू बहाने की क्या जरूरत है.
कांग्रेस नेता ने भी की महात्मा गांधी से बात
दूसरी ओर कांग्रेस नेता इरशाद उल्ला का भी एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह बापू से बात करते दिखाई दे रहे हैं. यह वीडियो प्रयागराज से वायरल हुआ है, जिसमें वह कह रहे हैं कि, “बापू, आपको दुबारा आना होगा. नफरत भरे माहौल को फिर से मिटाना होगा.”