देर से क्यों आए…? महिला टीचर के पूछते ही छात्र ने भरी कक्षा में बरसा दिए थप्पड़; सरकारी स्कूल का मामला-Video

February 8, 2026 by No Comments

Share News

Gujarat News: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक छात्र अपनी शिक्षिका को थप्पड़ मारते दिखाई दे रहा है. जैसे ही छात्र शिक्षिका को थप्पड़ मारता है, अन्य छात्र बचाव के लिए आ जाते हैं. यह वीडियो गुजरात के पंचमहल जिले के एक सरकारी स्कूल एसजे दवे हाई स्कूल से सामने आया है और आरोपी छात्र कक्षा 12 में पढ़ता है. परीक्षा के दौरान देर से पहुंचने पर शिक्षिका ने उससे देर से आने की वजह पूछी थी और छात्र ने गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को दागदार कर दिया.

पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई जो कि अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है. इस सम्बंध में पुलिस का बयान सामने आया है जिसमें कहा गया है कि छात्र दूसरे प्रीलिमरी टेस्ट के लिए परीक्षा कक्ष में कुछ देरी से पहुंचा था. इस पर महिला इनविजिलेटर ने उससे देरी से आने की वजह पूछी तो छात्र गुस्सा हो गया और उसने कहा कि घर पर मुझसे कोई कुछ नहीं पूछता, तो तुम कौन होती हो मुझसे सवाल करने वाली? इतना कहने के तुरंत बाद ही उसने शिक्षिका के गाल पर थप्पड़ जड़ दिए और धक्का देकर कक्षा से भाग निकला.

छात्र के पिता ने पहले मांगी माफी फिर दी धमकी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना इसी साल जनवरी की है. घटना के बाद शिक्षिका ने प्रिंसिपल से शिकायत की और फिर छात्र के पिता को बुलाया गया तो उन्होंने शिक्षिका से माफी मांग ली. इसके बाद तय हुआ कि प्रिंसिपल के लौटने पर 27 जनवरी को आगे की कार्रवाई की जाएगी लेकिन 27 जनवरी को छात्र, अपने पिता और कस्बे के 20 अन्य लोगों के साथ स्कूल पहुंचा.

शिक्षिका ने आरोप लगाया है कि इस पूरे ग्रुप ने उनको धमकी दी है कि वह कस्बे में अकेली रहती हैं और अगर वह चुप नहीं रहीं तो उनको गम्भीर परिणाम भुगतने पड़ जाएंगे. शिक्षिका का कहना है कि वह मूलरूप से नवसारी की रहने वाली है. वह बोलीं कि पहले तो मैं डर गई थी और चुप रही लेकिन फिर शिकायत दर्ज कराने का फैसला ले लिया है.

छात्र को मिली जमानत, शिक्षकों में रोष

इस तरह से शिक्षिका ने 3 फरवरी को शेहरा पुलिस थाने में छात्र के साथ ही चार नामजद सहित करीब 20 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है. पुलिस ने इस मामले में अब तक 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. तो वहीं छात्र को कोर्ट में पेश किया गया और बाद में उसे जमानत मिल गई. तो वहीं आरोपी का दावा है कि वह स्कूल अन्य लोगों के साथ शिक्षिका से माफी मांगने के लिए गया था. तो वहीं इंस्पेक्टर का कहना है कि छात्र के खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है. आगे की जांच जारी है.

तो वहीं इस घटना के बाद से ही जिले के सभी शिक्षकों में भारी आक्रोश है और वे आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का मांग कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें-“ब्राह्मणों पर इतना अन्याय क्यों…” भाजपा के मुस्लिम नेता उतरे ब्राह्मणों के पक्ष में-Video