Health Care: अगर बार-बार पड़ रहे हैं बीमार तो, इन 8 चीजों को करें अपनी दिनचर्या में शामिल और हासिल करें निरोगी काया

Share News

Health Care:अगर आप बार-बार बीमार पड़ रहे हैं और तमाम दवाई-इलाज कराने के बाद भी कुछ खास फायदा नहीं है तो दवा पर पैसा खर्च करना बंद करें और अपने खान-पान में थोड़ा बदलाव लाएं. आयुर्वेदाचार्य रोहित यादव बताते हैं कि हमारा खान-पान काफी हद कर हमें बीमार होने से बचा सकता है. क्योंकि खान-पान से हमारे शरीर को पोषक तत्व मिलते हैं तो वहीं योग हमारी काया को निरोगी बनाता है. तो इस बार इस लेख में पढ़ें कि कौन सी वो चीजें हैं जो हमें निरोगी रख सकती हैं.

योग
योग व प्राणायाम शरीर को स्वस्थ और रोगमुक्त रखने में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस बात को जानते तो सभी हैं, लेकिन इसे जीवन में शामिल कम ही लोग करते हैं. इसलिए जागरुक बनें और योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें.

रसदार फल
संतरा, मौसमी आदि रसदार फलों में भरपूर मात्रा में खनिज लवण तथा विटामिन सी होता है। प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में ये महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जल
प्रचुर मात्रा में शुद्ध जल के सेवन से शरीर में जमा कई तरह के विषैले तत्व बाहर निकल जाते हैं और प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। पानी या तो सामान्य तापमान पर हो या फिर थोड़ा कुनकुना।

गिरीदार फल
सर्दी के मौसम में गिरीदार फलों का सेवन फायदेमंद होता है। इन्हें रात भर भिगोकर रखने व सुबह चाय या दूध के साथ, खाने से आधे घंटे पहले लेने से बहुत लाभ होता है।

अंकुरित अनाज

अंकुरित अनाज (जैसे मूंग, मोठ, चना आदि) तथा भीगी हुई दालों का भरपूर मात्रा में सेवन करें। अनाज को अंकुरित करने से उनमें उपस्थित पोषक तत्वों की क्षमता बढ़ जाती है। ये पचाने में आसान, पौष्टिक और स्वादिष्ट होते हैं।

चोकर सहित अनाज
गेहूं, ज्वार, बाजरा, मक्का जैसे अनाज का सेवन चोकर सहित करें। इससे कब्ज नहीं होगी तथा प्रतिरोध क्षमता चुस्त-दुरुस्त रहेगी।

सलाद
भोजन के साथ सलाद का उपयोग अधिक से अधिक करें। भोजन का पाचन पूर्ण रूप से हो, इसके लिए सलाद का सेवन जरूरी होता है। ककड़ी, टमाटर, मूली, गाजर, पत्तागोभी, प्याज, चुकंदर आदि को सलाद में शामिल करें। इनमें प्राकृतिक रूप से मौजूद नमक हमारे लिए पर्याप्त होता है। ऊपर से नमक न डालें।

तुलसी
तुलसी का धार्मिक महत्व अपनी जगह है मगर इसके साथ ही यह एंटीबायोटिक, दर्द निवारक और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में भी फायदेमंद है। रोज सुबह तुलसी के 3-5 पत्तों का सेवन करें।