Health Tips: सर्दी में इन 8 गुणकारी चीजों का करें इस्तेमाल, शरीर में बनी रहेगी गर्माहट, लाल मिर्च की जगह काली मिर्च का करें सेवन
सर्दी शुरू हो गई है। इसको देखते हुए इस लेख में हमारे आयुर्वेदाचार्य रोहित यादव आपको 8 गुणकारी चीजों के बारे में बता रहे हैं जो आपके शरीर को गर्म रखेंगी और सर्दी में भी गर्मी का अहसास दिलाएंगी।
लहसुन
लहसुन एक बेहतरीन एंटीबायोटिक होने के साथ-साथ सर्दी-जुकाम में प्रयुक्त होने वाली औषधी भी है। ठंड के दिनों में लहसुन की चटनी, सब्जी बनाई जा सकती है। इसके अलावा आप इसे रोटी के साथ कच्चा या फ्राय करके भी खा सकते हैं। अगर सर्दी-जुकाम होता है तो लहसुन की तीन-चार कलियां देसी घी में अच्छे से भून कर खा सकते हैं। बच्चों को कम ही दें। इससे काफी फायदा मिलेगा।
हल्दी
सर्दी से बचने के लिए यह भी औषधी के रूप में प्रयोग की जाती है। आप हल्दी का प्रयोग ज्यादा से ज्यादा कीजिए और शरीर में गर्माहट बनाए रखिए। यह एंटीबायोटिक का काम भी करेगी।
मेथी
मेथी दाने से बनाए जाने वाले लड्डुओं का सेवन खास तौर पर ठंड में किया जाता है। यह शरीर में गर्माहट बनाए रखने में मददगार है। मेथी की सब्जी का भी ज्यादा से ज्यादा सेवन करना इन दिनों में फायदेमंद होगा।
सूखे मेवे
सूखे मेवों का सेवन करना भी ठंड से बचाव के लिए बेहद मददगार साबित होगा। अगर इन्हें गुड़ और घी के साथ मिक्स करके लड्डू बनाकर सेवन करेंगे तो यह और भी सेहतमंद हो जाएंगे।
शहद
शहद का सेवन करना यूं तो लाभदायक होता ही है, लेकिन ठंड के दिनों में यह विशेष रूप से लाभदायक होगा। गर्म पानी के साथ इसका सेवन वजन कम करने में भी मददगार है और फुर्ती लाने में भी।
काली मिर्च
इन दिनों में काली मिर्च को अपनी डाइट में शामिल करें। चाहें तो सूप, सलाद और स्प्राउट के साथ या फिर लाल मिर्च की जगह खाने में इसे शामिल करें।
अदरक
अदरक का सेवन इस मौसम में शरीर में गर्मी लाने के साथ ही इम्युनिटी बढ़ाने के लिए भी बेहतरीन है। इसे दाल, सब्जी, सूप आदि में भी शामिल करें या फिर चटनी के साथ।
गुड़
सर्दी में जुकाम और खांसी होने पर गुड़ का काढ़ा पिलाया जाता है, क्योंकि यह शरीर को गर्माहट देता है। रोजाना गुड़ का सेवन करते रहने पर आपको सर्दी के कारण होने वाले दुष्परिणाम नहीं झेलने पडेंगे। (फोटो-सोशल मीडिया)