Elon Musk met PM Narendra Modi: “मैं मोदी का फैन हूं”, पीएम मोदी से मिले एलन मस्क ने जमकर की तारीफ, टेस्ला की भारत में जल्द होगी एंट्री, ट्विट कर कही बड़ी बात
Elon Musk met PM Narendra Modi: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर अमेरिका पहुंचे हैं. इस मौके पर उन्होंने टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क से भेंट भी की है. इस मौके पर एलन मस्क ने पीएम के तारीफों के पुल बांधे. इसी के साथ कहा कि मैं मोदी का फैन हूं. वह अगले साल भारत की यात्रा करने की योजना बना रहे हैं. मस्क, जो अभी तक अपनी इलेक्ट्रिक कार विनिर्माण कंपनी टेस्ला को भारत नहीं लाए हैं, ने कहा कि सौर ऊर्जा निवेश के लिए यह देश बेहतरीन है.
बता दें कि ट्विटर के सीईओ ने मंगलवार देर रात संवाददाताओं से कहा, “मैं मोदी का फैन हूं. सौर ऊर्जा क्षेत्र में भारत में अपार संभावनाएं हैं. हम भारत में स्टारलिंक इंटरनेट लाने की भी उम्मीद कर रहे हैं. मैं भारत के भविष्य को लेकर काफी उत्साहित हूं. मुझे लगता है कि विश्व के अन्य देशों के मुकाबले भारत के पास सबसे अधिक संभावनाएं हैं. यह पूछे जाने पर कि क्या टेस्ला जल्दी ही भारतीय बाजार में प्रवेश करेगी. मुझे विश्वास है कि टेस्ला भारत में होगी और मानवीय रूप से जल्द से जल्द ऐसा करेगी.”
प्रधानमंत्री को दिया धन्यवाद
मस्क ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि, मैं प्रधानमंत्री को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं और उम्मीद है कि हम निकट भविष्य में कुछ घोषणाएं करेंगे. बता दें कि इस साल अप्रैल में मस्क ने ट्विटर पर मोदी को फॉलो करना शुरू किया था. मस्क और भारत सालों से बातचीत कर रहे हैं, लेकिन स्थानीय संयंत्र और देश के 100 प्रतिशत आयात शुल्क पर असहमति के कारण गतिरोध बना हुआ है. इसी के साथ उन्होंने कहा, हमें बस सही समय का इंतजार है. यह प्रधानमंत्री के साथ बहुत ही शानदार बैठक थी. कुछ साल पहले वह हमारी टेस्ला फैक्ट्री में आए थे. इसलिए, हम एक-दूसरे को जानते हैं. मस्क ने कहा, वो भारत के लिए सही चीजें करना चाहते हैं. वो नई कंपनियों के लिए खुलापन चाहते हैं. वह उनका सहायक बनना चाहते हैं. असल में उसी समय वह यह भी सुनिश्चित करना चाहते हैं कि भारत इससे लाभ हासिल करे.
भारत की परवाह करते हैं पीएम मोदी
सरकार ने ईवी निर्माता को स्थानीय खरीद में तेजी लाने और विस्तृत विनिर्माण योजनाओं को साझा करने के लिए कहा है, जबकि मस्क ने कम करों की मांग की है ताकि टेस्ला घरेलू बजट के प्रति सचेत बाजार में आयातित वाहनों को सस्ती कीमत पर बेचकर शुरुआत कर सके. मस्क ने आगे कहा कि वास्तव में पीएम मोदी भारत की बहुत परवाह करते हैं क्योंकि वो हमें भारत में निवेश करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं और हम ऐसा करके भी दिखाएंगे.